गरबा ड्रेस पहन मम्मियों के साथ पीटीएम में पहुंचे बच्चे
2025-09-27 07:17 PM
552
रायपुर। गरबा ड्रेस पहन और हाथों में डांडियां लेकर जब छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी मम्मियों के साथ स्कूल में प्रवेश किया तो ऐसा लगा कि नवरात्रि का भव्य उत्सव आज यहीं होने वाला है। मौका था महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में पैरेट्स टीचर मीटिंग का। पीटीएम को रोचक बनाने और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए इसे इस बार रोचक बनाया गया मम्मियों को इस बार गरबा ड्रेस कोड में बुलाया गया और उनके लिए गरबा खेलने की व्यवस्था भी की गई। प्री-प्राइमरी के बच्चों लेकर पहुंची उनकी माताओं में भी उत्साह नजर आया।
शिक्षिका आराधना लाल ने बताया कि शनिवार 27 सितंबर को प्री प्राइमरी के बच्चों की पेरेंट्स मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों के साथ मम्मियां भी गरबा ड्रेस में पहुंची थी। कार्यक्रम के समापन समय न सिर्फ बच्चों का गरबा हुआ बल्कि पालकों के द्वारा भी बच्चों के साथ गरबा खेला गया। कार्यक्रम के समापन में सबसे सुंदर वेशभूषा में उपस्थित अभिभावक वर्षा दंबरी, पूजा पांडे, साधना गुप्ता ,गायत्री साहू आदि को सम्मानित किया गया।
पैरेट्स ने अपने बच्चों का फीडबैक लिया और कुछ सुझाव भी प्री प्राइमरी इंचार्ज अस्मिता कुसरे और प्राचार्य मनीष गोवर्धन से साझा किए। अभिभावकों ने मोबाइल प्रॉब्लम, बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करना, उनके खानपान की आदतों में सुधार, उनका सोशल इंटरेक्शन बढ़ाना तथा इंग्लिश स्पोकन पर जोर देना की बात कहीं।
वहीं दूसरी ओर प्री प्राइमरी के सभी विद्यार्थियों को आज कन्या पूजन करके उपहार भी दिया गया। इसमें अनेक साज सज्जा की वस्तु तथा पेंसिल केले का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य मनीष गोवर्धन न सिर्फ उपस्थित रहे, अपित पालकों के साथ विचार विमर्श करना, सुझाव लेना तथा संबोधन भी किया। कार्यक्रम की रूपरेखा तथा संचालन प्री प्राइमरी के इंचार्ज अस्मिता कसरे द्वारा किया गया। प्राइमरी इंचार्ज अपर्णा आठले भी कार्यक्रम में सम्मिलित रही तथा पालकों के साथ इंटरेक्शन किया। शिक्षिका आराधना लाल ने भी कार्यक्रम के संचालन वह पुरस्कार वितरण में संचालन सहयोग किया।