दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल के दिवाली फराळ को जबर्दस्‍त प्रतिसाद

0  दिव्‍यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ मेस प्रकल्‍प के प्रयास को मंडल के सभासदों सहित अस्‍पतालों, शैक्षणिक संस्‍थाओं से लेकर कार्पोरेट आफि‍सों तक में रही जोरदार डिमांड 

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के दिवाली व्‍यंजनों को लगभग हर क्षेत्र व वर्ग का जोरदार प्रतिसाद मिला। मंडल के मेस प्रकल्‍प की ओर से दिव्‍यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ बनाए जाने वाले दीपावली फराळ (व्‍यंजनों) की मांग इस वर्ष भी कार्पोरेट सेक्‍टर, शैक्षणिक संस्‍थानों, आटो मोबाइल कंपनियों से लेकर अस्‍पतालों में तक उत्‍साहवर्धक रही।
 
मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, मेस प्रभारी दीपक किरवईवाले ने बताया कि करीब नौ साल पहले शुरू किया गया दीपावली व्‍यंजनों का यह प्रयास आजीवन सभासदों के अलावा गैर मराठी भाषी लोगों और व्‍यापारिक, शैक्षणिक, स्‍वास्‍थ्‍य संस्‍थाओं की ओर से लगातार मिल रहे जोरदार प्रत‍िसाद के कारण बढ़ते जा रहा है। इसका एक प्रत्‍यक्ष असर तो यह है कि दीपावली व्‍यंजनों की बिक्री से दिव्‍यांग बालिका विकास गृह को संचालित करने में आसानी हो रही है। वहीं दूसरा अप्रत्‍यक्ष प्रभाव यह है कि जो कंपनियां, संस्‍थाओं के साथ आमजन महाराष्‍ट्र मंडल के दीपावली व्‍यंजनों को खरीदते हैं, वे अप्रत्‍यक्ष रूप से ही सही, दिव्‍यांग बालिकाओं की रहन-सहन, शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य आदि में सहयोग करते हैं। महाराष्‍ट्र मंडल की इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर यहां के व्‍यंजन खरीदने वालों की संख्‍या और मांग सतत बढ़ रही है।
 
काले ने बताया कि देश में पोलियो उन्‍मूलन के कारण अब पोलियो ग्रस्‍त बालिकाएं नहीं मिलती इसलिए महाराष्‍ट्र मंडल ने पहले  ही किसी भी तरह की अस्थि बाधित दिव्‍यांग बालिका को पूरी जिम्‍मेदारी के साथ रखना शुरू किया है। अब शासन के नए निर्देशानुसार महाराष्‍ट्र मंडल ने मूक-बधिर बच्चियों को भी अपने साथ आवास, शिक्षा-दीक्षा और स्‍वास्‍थ्‍यगत समस्‍याओं के समाधान के लिए रखना प्रारंभ कर दिया है। इसलिए दिव्‍यांग बालिका विकास गृह में दिव्‍यांग बच्चियों की संख्‍या फिर बढ़ने लगी है। इसके साथ ही जिम्मेदारी और खर्च भी बढ़ने लगे हैं।
 
सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि दिव्यांग बच्चियों की बेहतर  देखभाल करने के लिए मंडल ने अपने मेस प्रकल्‍प के माध्‍यम से दीपावली व्‍यंजनों का उपक्रम शुरू किया है। इस महाअभियान में जिन सभासदों, आमजन और संस्‍थाओं ने दिवाली व्‍यंजन लेकर सहयोग प्रदान किया है उसका अध्‍यक्ष काले, सचिव दंडवते, प्रेम प्रभारी किरवाईवाले ने अपनी पूरी कार्यकारिणी के साथ आभार व्‍यक्त किया है।