दिव्य महाराष्ट्र मंडल

युवाओं को समाज से जोड़ने का प्रयास कर रहा महाराष्‍ट्र मंडल: काले

- आकाशवाणी मुंबई को दिए विशेष इंटरव्‍यू में मंडल अध्‍यक्ष ने साझा किए समाजसेवा से जुड़े कई अनुभव
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर ने महाराष्‍ट्र के बाहर महाराष्‍ट्र ही खड़ा कर दिया है। यह उद्गार सुप्रसिद्ध पार्श्‍व गायिका उषा मंगेशकर ने महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर प्रवास के दौरान व्‍यक्‍त किए थे। इस आशय की सवर्ग जानकारी मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने हाल ही में आकाशवाणी मुंबई को दिए एक विशेष साक्षात्कार के दौरान दी।
 

 
आकाशवाणी मुंबई की वासंति काले को दिए इस इंटरव्‍यू में काले ने कहा कि महाराष्‍ट्र मंडल पिछले पांच सालों से ऑन क्‍लासेस के माध्‍यम से मराठी सिखाने का उपक्रम भी कर रहा है। इसमें रायपुर व छत्‍तीसगढ़ राज्‍य के बाहर के लोग भी उत्‍साह के साथ शामिल हो रहे हैं। इनमें युवाओं की संख्‍या काफी आशान्वित करने वाली है। अजय काले ने कहा कि मंडल अपनी विभिन्‍न समितियों के माध्‍यम से युवाओं को समाज से जोड़ने के हरसंभव प्रयास कर रहा है।
मराठी भाषा के संरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर मंडल अध्‍यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन मराठी क्‍लासेस लगाने के अलावा महाराष्‍ट्र सरकार, मध्‍य प्रदेश मराठी साहित्‍य अकादमी और मराठी साहित्‍य परिषद इंदौर के साथ महाराष्‍ट्र मंडल समय- समय पर यहां मराठी पत्र लेखन, निबंध लेखन, मराठी पुस्‍तक वाचन जैसी विविध स्पर्धाएं आयाजित करता है। इन स्‍पर्धाओं के विजेताओं को मंडल अंतर राज्‍यीय प्रमाण पत्र देने के साथ आकर्षक पुरस्‍कार देकर प्रोत्साहित भी करता है।
 
महाराष्‍ट्र मंडल में जुड़ने के 40 सालों के अनुभव पर पूछे गए सवाल पर अजय काले ने कहा कि विभिन्‍न प्रकल्‍पों के अनुभव शानदार रहे। साथ ही तसल्‍ली भी रही कि महाराष्‍ट्र मंडल ने करीब 175 दिव्‍यांग बालिकाओं को अपने पास बेहतर आवासीय, शिक्षा व चिकित्सा सुविधाओं के साथ रखा और आत्‍मनिर्भर बनाकर विदा किया। इसी तरह संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के माध्‍यम से अनेक ऐसे बच्‍चों को भी अंग्रेजी माध्‍यम की शिक्षा दी, जिनके अभिभावक अपने बच्‍चों को शिक्षित करने की आर्थिक स्थिति में ही नहीं थे। 
 
एक सवाल के जवाब में काले ने कहा कि करीब 17 साल पहले शुरू किए गए शंकर नगर बाल वाचनालय में बच्‍चों को पढ़ने की आदत डालने का प्रयास जारी है। इतना ही नहीं, यहां समय- समय पर चलाए जाने वाले बाल संस्‍कार शिविरों में निचली झुग्‍गी बस्तियों के बच्‍चों को संस्‍कारिक किया जाता है। मंडल के सभी 16 महिला केंद्रों में इस तरह के संस्‍कार शिविरों के माध्‍यम से अधिकाधिक बच्‍चों को संस्‍कार की शिक्षा भी दी जाती है। 
 
वासंति‍ काले ने सवाल ‘महाराष्‍ट्र मंडल को महाराष्‍ट्र सरकार से क्‍या अपेक्षा है’, पर अजय काले ने कहा कि हम चाहते हैं कि महाराष्‍ट्र सरकार के अधिकारी यहां आकर पहले मंडल के प्रकल्‍पों का विजिट करें और तमाम सेवाभावी कार्यों को देखें। इससे महाराष्‍ट्र सरकार को लेकर हमारी अपेक्षा बताने में आसानी होगी। वहां के जन प्रतिनिधियों को भी हम यहां का महाराष्‍ट्र मंडल दिखाना चाहते हैं और यहां के मराठी समाज से मिलवाना चाहते हैं।