महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति और बूढ़ापारा महिला केंद्र की ओर से किया गया मठा वितरण
2026-05-27 09:01 PM
273
0- आध्यात्मिक समिति और बूढ़ापारा महिला केंद्र की ओर से की गई इस पहल से सैकड़ों लोगों को गर्मी से मिली राहत
रायपुर महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति और बूढ़ापारा महिला केंद्र ने बुधवार को एकादशी के अवसर पर माधव राव सप्रे शाला के सामने हनुमान मंदिर परिसर में मठा वितरण किया। इससे पहले महिलाओं ने आपस में ही सम्मानजनक धनराशि जुटाई और स्टेनलेस स्टील के कई ड्रमों में स्वयं ही स्वादिष्ट मीठा बनाया। आपस में जुटाई धनराशि में से मठा बनाने के बाद शेष राशि को महाराष्ट्र मंडल की अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत दान कर दिया गया।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि सबसे पहले अंजनि पुत्र हनुमान जी को मठा का भोग लगाया गया। फिर मंदिर में दीपदान करने के बाद मठा वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ।सुबह से ही इस कार्यक्रम को लेकर आध्यात्मिक समिति के सदस्यों और बूढ़ापारा महिला केंद्र की सभासदों में खासा उत्साह था। महिलाओं ने हर छोटे- बड़े वाहनों के करीब जाकर हर आयु वर्ग के लोगों को मठा दिया। सैकड़ों राहगीरों ने भी वितरण टेबल के करीब जाकर मठा प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के प्रमुख समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, आध्यात्मिक समिति की संध्या खंगन, प्रणिता नलगुंडवार, अंजलि नलगुंडवार, वंदना जोशी, डाॅ. सुहासिनी पट्टलवार, शिवानी पट्टलवार, सुरेखा गोलविलकर, आस्था काले, प्रीति रावत, श्रीमती राउत, श्रीमती चौधरी सहित अनेक महिला सभासद उपस्थित रहे। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ यह प्रेरक अभियान घंटों जारी रहा। सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि लोगों ने न केवल मठा के स्वाद की खुलकर प्रशंसा की, बल्कि लोगों ने पूछा कि कौन सी संस्था की ओर से और किस अवसर पर आप लोग छाछ बांट रहे हो।