संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने भेंट की प्राथमिक चिकित्सा पेटी
रायपुर। संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। कक्षा चौथी के छात्र-छात्राओं रोहान साहू, वेदांशी साई, हर्ष टंडी, सुहानी अथाले, दीपिका साहू, दुर्गा साहू, रौनक श्रीवास्तव, खुशी सोनी, याशिका गांगुली और चंचल मानिकपुरी ने मिलकर विद्यालय में एक सुसज्जित प्राथमिक चिकित्सा पेटी (फर्स्ट एड बॉक्स) भेंट किया। ताकि खेल-कूद या दैनिक गतिविधियों के दौरान किसी भी छात्र को चोट लगने पर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके। बच्चों ने यह चिकित्सा पेटी प्राचार्य मनीष गोवर्धन को सौंपी।
विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि इस चिकित्सा पेटी में रुई, पट्टी, एंटीसेप्टिक लिक्विड, बर्न क्रीम, कैंची और आवश्यक प्राथमिक दवाएं व्यवस्थित रूप से रखी गई हैं। कक्षा चौथी के इन विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने यह कदम स्कूल परिसर में स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया है। आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार का महत्व बताते हुए छात्र-छात्राओं ने कहा कि सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी भी बड़े खतरे को टाल सकता है।
प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बच्चों के इस विचार और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, "बच्चों की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इससे न केवल अन्य छात्रों में प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि उनमें सहयोग और जिम्मेदारी की भावना का भी विकास होगा।"