शिवाजी महाराज की महाआरती 19 अक्टूबर को.. शिक्षाविद् डॉ. समीर बाजपेयी होंगे शामिल
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा प्रत्येक माह की 19 तारीख को होने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती सोमवार 19 अक्टूबर को शाम 7 बजे आयोजित की गई है। आरती मंडल के मुख्य द्वार के पास स्थापित शिवाजी महाराज की प्रतिमा की होगी।नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस महाआरती में अतिथि के रुप में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर के वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. समीर बाजपेयी और छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया उपस्थित रहेंगी।
छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के समन्वयक अभिषेक बक्षी ने बताया कि डॉ. समीर बाजपेयी वर्तमान में एनआईटी रायपुर में करियर डेवलपमेंट सेंटर के प्रमुख तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के प्रमुख हैं। सिविल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर है। पर्यावरण अभियांत्रिकी में एमटेक एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त डॉ. बाजपेयी को शिक्षण, अनुसंधान एवं शैक्षणिक नेतृत्व का 37 वर्षों से अधिक का अनुभव है। विद्यार्थियों के करियर निर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। युवाओं को कौशल, ज्ञान, रोजगार एवं उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रति समर्पित डॉ. बाजपेयी की उपस्थिति हमें अपने कैरियर से जुड़े सवालों के जवाब खोजने में सहायक होगी।
छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के प्रमुख गणेशा जाधव पाटिल ने बताया कि भारतीय संस्कृति, शक्ति उपासना, राष्ट्रभक्ति एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर मां भारती की आरती भी की जाएगी।