बृहन्महाराष्ट्र मंडल के अधिवेशन में शामिल होंगी छत्तीसगढ़ की टीम
- पंढरपुर में नौ दिसंबर से होगा तीन दिवसीय 75वां अमृत महोत्सव अधिवेशन, जुटेंगे देशभर के प्रतिनिधि
रायपुर। बृहन्महाराष्ट्र मंडल नवी दिल्ली का 75वां अमृत महोत्सव अधिवेशन महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में नौ से 11 दिसंबर को आयोजित किया गया है। इसमें बृहन्महाराष्ट्र मंडल से जुड़े छत्तीसगढ़ के सदस्य भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर रविवार को महाराष्ट्र मंडल रायपुर में बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ इकाई की विशेष बैठक आहूत की गई।
बृहन्महाराष्ट्र मंडल नवी दिल्ली के प्रधान कार्यवाह शेखर रावसाहेब अमीन ने बताया कि पंढरपुर में आयोजित यह अधिवेशन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी एक धार्मिक यात्रा भी है। पूरे महाराष्ट्र के आराध्य पंढरपुर के पांडुरंगा के दर्शन का लाभ हमें मिलेगा। छत्तीसगढ़ के 30 से अधिक लोगों की एक टीम इस अधिवेशन में शामिल होने जा रही है। जिनके आने- जाने से लेकर अधिवेशन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन जैसी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं।
बृहन्महाराष्ट्र मंडल विभागीय कार्यवाह छत्तीसगढ़ सुबोध टोले ने बताया कि अधिवेशन नौ दिसंबर से शुरू होगा। यात्रा के दो विकल्प हैं, पहला अष्टविनायक के दर्शन करते हुए पंढरपुर अधिवेशन में शामिल होना और दूसरा सीधे पंढरपुर पहुंचकर अधिवेशन में शामिल होना है। अधिवेशन के दौरान वहां रहने के लिए वातानुकूलित कमरों और भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। आज हुई बैठक में पंढरपुर जाने वाले सदस्यों को पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बृहन्महाराष्ट्र मंडल नवी दिल्ली के प्रधान कार्यवाह शेखर रावसाहेब अमीन, विभागीय कार्यवाह सुबोध टोले, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के मुख्य समन्वक श्याम सुंदर खंगन, दिव्यांग बालिका विकास गृह प्रभारी मालती मिश्रा, अतुल गद्रे, चित्रा बल्की और प्रफुल्ल बड़वाईक उपस्थित थे।