दिव्य महाराष्ट्र मंडल

आकाशवाणी के ‘किसलय नव अंकुर’ में एक नवंबर को होगी महाराष्ट्र मंडल की नन्हीं अभिज्ञा बातें

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की नन्हीं प्रतिभाशाली बाल कलाकार अभिज्ञा शुक्ला का विशेष साक्षात्कार आकाशवाणी छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय बाल कार्यक्रम ‘किसलय’ में  रविवार, 1 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे प्रसारित होने जा रहा है। अभिज्ञा महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में कक्षा दूसरी की छात्रा हैं। महज 7 वर्ष की छोटी-सी उम्र में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से वह अपने विद्यालय और महाराष्ट्र मंडल, दोनों का नाम रोशन कर रही हैं। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते और प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने अभिज्ञा की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

अभिज्ञा की माता भाग्यश्री शुक्ला और पिता अभिनव शुक्ला ने बताया कि इस विशेष बातचीत में कार्यक्रम की प्रस्तुतकर्ता अरुणा शेट्ये अभिज्ञा से उसकी पढ़ाई, नृत्य के प्रति रुचि, विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और भविष्य के सपनों के बारे में चर्चा करेगी। अभिज्ञा ने बताया कि उसे नृत्य, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं में भाग लेना बेहद पसंद है। उनका सपना बड़ी होकर कलेक्टर बनने और समाजसेवा करने का है।

अभिज्ञा महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती हैं। योग एवं संस्कार शिविर, गणेशोत्सव, नवरात्रि एवं वेशभूषा प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। हाल ही में महाराष्ट्र मंडल के 91वें स्थापना दिवस पर आयोजित वेशभूषा प्रतियोगिता में महारानी ताराबाई भोसले की भूमिका निभाकर उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

आकाशवाणी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अभिज्ञा को अपनी प्रतिभा और अनुभव साझा करने का अवसर मिलना उनके परिवार, संत ज्ञानेश्वर विद्यालय एवं महाराष्ट्र मंडल के लिए गर्व का विषय है। अभिज्ञा की यह उपलब्धि अन्य बच्चों को भी अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।