अंताक्षरीः लाइव आर्केस्ट्रा की धून पर पहचानना होगा गाना, शुरू हुआ 24 घंटे का countdown
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल और सन एंड सन ज्वेलर्स ने महाराष्ट्र मंडळ में अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया है। अब से ठीक 24 घंटे बाद स्पर्धा शुरू होगी। स्पर्धा के लिए 24 घंटे का काउन्टडाउन शुरू हो गया है। यानी कल अर्थात् रविवार को सुबह 9.30 अंताक्षरी प्रतियोगिता शुरू हो जाएगी। स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान आने वाली टीम को नकद पुरस्कार के अलावा सोने के सिक्के भी इनाम स्वरूप दिए जाएंगे। स्पर्धा में शामिल होने के लिए 30 टीमों ने अपना पंजीयन करा लिया है।
महाराष्ट्र मंडल खेल समिति की प्रभारी गीता दलाल ने बताया की स्पर्धा में शामिल होने के लिए राजधानी के अलग-अलग क्षेत्र से 30 टीमों ने अपना पंजीयन करा लिया है। स्पर्धा को लेकर महाराष्ट्र मंडळ की टीमों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। लगभग 10 घंटे तक चलने वाली अंताक्षरी स्पर्धा में फूड स्टाल की व्यवस्था भी होगी, ताकि प्रतिस्पर्धियों के परिजन व दर्शकों को लंबे समय तक रुकने व बैठने में परेशानी न हो।
सन एंड सन के रिटेल हेड श्याम सोनी ने बताया कि नगर स्तरीय अंताक्षरी में महाराष्ट्र मंडल की कुछ टीमों के अलावा स्वांजलि, सर्वमंगल फाउंडेशन, छत्रपति शिवाजी टीम, जय भवानी ग्रुप, वीर सावरकर ग्रुप, हैप्पी फैमिली ग्रुप, एसएनएमएस ग्रुप राधा-कृष्ण ग्रुप, सुर संतृप्ति म्यूजिकल ग्रुप, गुप्ते-कालेले ग्रुप, मां आदिशक्ति ग्रुप, सुर संग्रम ग्रुप, एसएनएम ग्रुप, एसकेडी म्यूजिकल अकादमी, मुकादम परिवार, रानी लक्ष्मीबाई ग्रुप, मराठा शिवला महिला मंडल, सर्व यादव समाज, संगीत दिवाने ग्रुप, आंध्रा समाज गुढ़ियारी, मधु फाउंडेशन, एवरग्रीन ग्रुप, लायंस क्लब, मिले सुर हमारा ग्रुप, एड्वोकेट विंग और चौबे कालोनी केंद्र की टीमें शामिल है।
महाराष्ट्र मंडल खेल समिति समिति के सह-संयोजक सुधीर जाऊलकर ने बताया कि प्रतियोगिता छह राउंड में होगी। प्रत्येक राउंड में पांच- पांच टीमें भाग लेंगी। इसके विजेता फाइनल में खेलेंगे। छह राउंड में विजुअल राउंड, धून राउंड, सामान्य राउंड व अन्य राउंड होगा।
खेल समिति के सह संयोजक प्रवीण क्षीरसागर ने बताया कि दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों से भी सवाल-जवाब होंगे और उनसे सही जवाब मिलने पर उन्हें भी तत्काल पुरस्कृत किया जाएगा। क्षीरसागर ने बताया कि छह राउंड में सिल्वर स्क्रीन पर प्रोजेक्टर के माध्यम से विसुअल राउंड और म्यूजिक राउंड भी होंगे। इनमें बजर का अपना विशेष महत्व होगा। जिनका बजर सबसे पहले बजेगा, उन्हें ही गाना गाने का अवसर मिलेगा।