परंपरागत ड्रेस के साथ गरबा प्रेमियों ने मतदाताओं को किया जागरूक
2023-10-23 10:50 AM
1348
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में गरबा महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को महाराष्ट्र के परंपरागत परिधान वाले ड्रेस कोड नौवारी साड़ी में महिलाएं और कुर्ता- पैजामा, सफेद टोपी में पुरुषों ने गरबा खेलते हुए खूब धमाल किया। इनके साथ पहुंचे बच्चों का उत्साह तो देखते ही बन रहा था।

गरबा खेलने को लेकर युवाओं और बच्चों में इतना जोश और उत्साह दिखा कि 15 मिनट के ब्रेक में भी उनके सोलो परफॉर्मेंस चलते ही रहते थे। अनेक महिलाओं ने मंडल अध्यक्ष अजय काले से विशेष आग्रह किया कि अगले साल नवरात्र के पहले दिन से ही गरबा महोत्सव शुरू किया जाए।

महाराष्ट्र मंडल के गरबा महोत्सव में अंतिम दिन विशेष बात मतदान जागरूकता अभियान रहा। गरबा खेल रहे उत्साही महिलाओं, युवाओं ने मतदान जागरूकता से संबंधित तख्ती लेकर अभियान चलाया। इसके साथ ही गरबा स्थल पर मौजूद सभी लोगों ने मतदान करने का संकल्प लिया। साथ ही आम जनता से कहा कि मतदान का दिन अवकाश का दिवस नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का दिन होता है इसलिए सभी को मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
