महाराष्ट्र मंडल में आतिशबाजी के साथ रावण दहन... बड़ी संख्या में पहुंचे सदस्यगण
2023-10-25 02:19 PM
656
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में मंगलवार 24 अक्टूबर को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जमकर आतिशबाजी की गई। तत्पश्चात मंडल की वरिष्ठ आजीवन सभासद व नाट्य मंडल की पूर्व अध्यक्ष अपर्णा कालेले ने रावण पुतले का दहन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मंडल के सदस्य और कामकाजी महिला वसति गृह की महिलाएं व छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर्णा कालेले ने इस मौके पर कहा कि रावण का वध असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है। अगर हम अपने जीवन में, अपने आचार- व्यवहार में और अपने चरित्र में राम के गुण को आत्मसात कर सकें, तभी दशहरा पर्व मनाने की सार्थकता है। अगर हमारा जीवन भगवान रामचंद्र की तरह मर्यादित है, तो हम वैसे भी पुरुषों में उत्तम हो जाएंगे और पुरुषोत्तम कहलाएंगे।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि 88 साल पहले विजयादशमी के दिन ही महाराष्ट्र मंडल अस्तित्व में आया था। यही वजह है कि मंडल के लिए दशहरा पर्व का विशेष महत्व है। मंडल की स्थापना दिवस के इस मौके पर उन्होंने 88 सालों के महाराष्ट्र मंडल के सफर को संक्षिप्त शब्दों में बताया। साथ ही भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।
महाराष्ट्र मंडल के मेस, भवन और धार्मिक पर्व प्रभारी दीपक किरवईवाले ने दशहरा उत्सव पर बड़ी संख्या में जुटे मंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने 28 और 29 अक्टूबर को महाराष्ट्र मंडल में होने वाले मराठी सोहळा (उत्सव) में बड़ी से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।