महाराष्ट्र मंडल का मराठी सोहला 28 अक्टूबर से... योग और केश सज्जा स्पर्धाएं सहित कई आयोजन भी
2023-10-26 10:22 PM
483
रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में शनिवार, 28 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे से शुरू हो रहे दो दिवसीय मराठी सोहला (उत्सव) में योग और केश सज्जा स्पर्धाएं भी शामिल की गईं हैं। इनमें से पहले शनिवार को शाम पांच बजे रंगोली और आकाशदीया स्पर्धा के साथ केश प्रतियोगिता होगी। वहीं योग प्रतियोगिता रविवार को सुबह आठ बजे होगी।
मराठी सोहला के प्रभारी चेतन दंडवते ने बताया कि दो दिवसीय मराठी सोहला का शुभारंभ 28 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे होगा। इसके साथ आयोजन स्थल पर 30 से अधिक स्टाल का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन की अवसर पर सुप्रसिद्ध मराठी महापुरुषों की फैंसी ड्रेस स्पर्धा आयोजित की गयी है। इसमें प्रतिभागी जिन महापुरुषों का रूप धारण करेंगे, उनके संदर्भ में एक मिनट माइक पर परिचयात्मक जानकारी भी देंगे।
पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भागवतकर ने कहा कि शाम 5:00 बजे से दो स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता होगी। पहले महाराष्ट्र मंडल की महिला सदस्यों के लिए फ्री हैंड रंगोली स्पर्धा होगी। दूसरी नगर स्तरीय फ्री हैंड रंगोली प्रतियोगिता। इसमें 'हमर छत्तीसगढ़' विषय पर कलाकारों को छत्तीसगढ़ प्रदेश की विरासत, पर्यटन स्थलों, नदियों, जंगल, शहरों जैसी किसी भी मनपसंद विषय की तस्वीर को रंगोली में बनाना होगा।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सह प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने जानकारी दी कि 29 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे से भाषण स्पर्धा होगी। इसमें पहले से तय विषयों में से किसी एक पर प्रतिस्पर्धियों को अपने विचार व्यक्त करने होंगे। बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुबोध टोल के मुताबिक दोपहर 12:00 छत्तीसगढ़ वृहन्न महाराष्ट्र मंडल की ओर से राज्यभर के विभिन्न महाराष्ट्र मंडलों के कलाकारों की शास्त्रीय गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।
खेल समिति की प्रभारी गीता दलाल ने बताया कि दोपहर 2:00 बजे कुर्सी दौड़ी स्पर्धा, क्विज स्पर्धा जैसे अनेक रोचक प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 3:00 बजे आध्यात्मिक समिति की ओर से आस्था काले आध्यात्मिक, पौराणिक विषयों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करेंगी।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के अनुसार शाम 4:00 बजे से महाराष्ट्र मंडल की विभिन्न समितियां, सभी केंद्र और महाराष्ट्र नाट्य मंडल की ओर से विविध रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। तत्पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह के साथ मराठी सोहला का समापन होगा।