देश-विदेश

छत्तीसगढ़ के काष्ठ शिल्पी अजय और नाचा कलाकार डोमार सिंह को मिला पद्मश्री, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

 
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के काष्ठ शिल्पी श्री अजय कुमार मंडावी और नाचा कलाकार श्री डोमार सिंह के साथ मध्यप्रदेश की तीन विभूतियों को वर्ष 2023 के पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। कला के क्षेत्र में रमेश परमार और शांति परमार तथा चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. मुनीश्वर चंद्र डावर को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी को बधाई दी है। 
 

बतादें कि इससे पहले 22 मार्च को आयोजित समारोह में दुर्ग जिले 
 से पंडवानी एवं पंथी गायिका उषा बारले को पद्मश्री सम्मान दिया जा चुका है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ के तीन कलाकारों को पद्म पुरस्कार हेतु चयनित किया गया था।
 
मध्यप्रदेश के झाबुआ के कलाकार दंपत्ति रमेश परमार और शांति परमार पिछले 3 दशकों से झाबुआ की सुप्रसिद्ध जनजातीय गुड़िया और पारंपरिक जनजातीय परिधान के निर्माण में लगे हुए हैं। जबलपुर के चिकित्सक डॉ. डावर किफायती इलाज से समाज के कमजोर वर्ग के लोगों की सेवा कर रहे हैं।
 
राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में वर्ष 2023 के लिए 3 पद्म विभूषण, 5 पद्म भूषण और सैंतालिस पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए।
 

 

----------