देश-विदेश

बुलेट ट्रेन की मानिंद कोरोना के नए वैरिएंट की रफ्तार... नए मरीजों में 38 फीसदी इसके शिकार... केंद्र सरकार के माथे पर पड़ा बल

दिल्ली। देश में कोरोना की रफ्तार एक बार फिर पूरे वेग से पसर रहा है। पुराने वैरिएंट के साथ नए वैरिएंट की चपेट में देश के लोग आ रहे हैं और देश के कई राज्यों में नए वैरिएंट ने अपनी पहुंच बना ली है, जो सबसे ज्यादा चिंता का विषय है। केंद्र सरकार ने इसकी समीक्षा की है, जिसके बाद अब राज्य की सरकारों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। 

बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,050 केस सामने आए हैं। इससे पहले गुरुवार को देश में कोरोना के 5,335 मामले दर्ज किए गए थे। 6 महीने बाद देश में एक दिन में इतने केस मिले थे। देश में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 3.39% हो गया है। भारत में कोरोना के बढ़ते हुए केसों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। चौंकाने वाली बात ये है कि भारत में मिल रहे कोरोना केसों में 38 फीसदी केस नए वैरिएंट  XBB.1.16 के मिल रहे हैं।

जिनोम सिक्वेंसिंग पर नजर रखने वाली INSACOG के मुताबिक, देश में रोजाना सामने आ रहे कोरोना केसों में 38.2% केस XBB.1.16  वैरिएंट के हैं। INSACOG ने गुरुवार को जारी अपने बुलेटिन में बताया कि मार्च के तीसरे हफ्ते तक लिए गए सैंपल में ओमिक्रॉन का XBB वैरिएंट सबसे ज्यादा पाया गया।

बुलेटिन के मुताबिक, ओमिक्रॉन और उसके सब वैरिएंट का प्रसार भारत में जारी है। पिछले कुछ दिनों में संक्रमण दर में वृद्धि देखी गई है। खासतौर पर भारत के पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी भागों में.बुलेटिन में कहा गया है कि भारत के विभिन्न भागों में नया वैरिएंट XBB.1.16 देखा गया है।

XBB.1.16 कोरोना के सब वैरिएंट ओमिक्रॉन का वैरिएंट है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, XBB.1.16, XBB.1.5 से 140 प्रतिशत तेजी से फैल सकता है। यह XBB.1.5 की तुलना में कहीं अधिक आक्रामक है और शायद XBB.1.9 वैरिएंट से भी तेज है। हालांकि, कोरोना के नए वैरिएंट के लक्षण पहले की तरह ही हैं। कोई भी नया लक्षण सामने नहीं आया है। मौसम बदलने के कारण फ्लू के मामलों में भी वृद्धि हुई है, ऐसे में कोरोना के मामलों में भी इजाफा हुआ है। 
----------