देश-विदेश

हिना नाज़: पोलियो को हराकर मिशन शक्ति की मिसाल

लखनऊ| एटा जिले की हिना नाज़ ने पोलियो जैसी शारीरिक चुनौती को मात देकर हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई हैं। कासगंज जिला प्रोबेशन कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हिना, योगी सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की जीवंत मिसाल हैं। उनकी मेहनत से अब तक 26,928 महिलाएं निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ उठा रही हैं।

हिना रोज़ 150 किलोमीटर का सफर तय कर कार्यालय पहुँचती हैं। न ठंड, न धूप, उनका संकल्प अडिग है—हर पात्र महिला को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना। दस्तावेज़ सत्यापन से लेकर कंप्यूटर फीडिंग तक, वे हर काम को बारीकी से संभालती हैं। उनकी लगन से जिले में पेंशन लाभार्थियों की संख्या 8,000 से बढ़कर 26,928 हो गई। साथ ही, स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में भी वे अहम भूमिका निभा रही हैं।

हिना कहती हैं, “खुश रहने के लिए सहारे की ज़रूरत नहीं, बस खुद पर भरोसा चाहिए।” उनकी यह सोच मिशन शक्ति के मूल मंत्र को साकार करती है। महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी हिना की मेहनत ने न केवल कासगंज और एटा, बल्कि पूरे प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाया है। उनकी कहानी साबित करती है कि सच्ची शक्ति मनोबल और सेवा-भावना में होती है।
 

हिना नाज़ आज नारी सशक्तीकरण की ऐसी प्रेरणा हैं, जो हर चुनौती को अवसर में बदलने का जज़्बा सिखाती हैं। 

----------