देश-विदेश

यूपी पुलिस की सख्ती: साढ़े 8 लाख वाहन चेक, 9 हजार से ज्यादा की काली फिल्म हटाई

लखनऊ। योगी सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहनों से काली फिल्म हटाने का विशेष अभियान चलाया। 22 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 71,473 स्थानों पर तैनात 24,457 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने साढ़े आठ लाख से अधिक वाहनों की जांच की, जिसमें 9,000 से ज्यादा वाहनों से काली फिल्म हटाई गई।

अभियान की नोडल अधिकारी अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने बताया कि इस दौरान 2,817 प्रेशर हॉर्न और 1,087 संशोधित लाइट्स भी हटाई गईं। इसके अलावा, अपर पुलिस महानिदेशक से लेकर थाना प्रभारियों तक ने फुट पैट्रोलिंग की, जिससे सड़कों पर अनुशासन कायम रहा। एक अधिकारी ने बताया कि कुल 18,215 वाहनों का चालान भी किया गया।
 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाना है, जो नवरात्रि के दौरान और तेज किया गया। पुलिस ने राज्यव्यापी स्तर पर निगरानी बढ़ाई है, ताकि अपराधी तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके। 

----------