देश-विदेश

स्वास्थ्य मंत्री ने किया आगाह... अभी और बढ़ेंगे केस... तो IMA ने बताई केस बढ़ने की वजह

देश में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में भी कोरोना के 5,880 नए मामले दर्ज किए गए और सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 35,199 हो गई है। बढ़ते नए मामलों के चलते केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर के अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा करने के लिए आज और मंगलवार को राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल की घोषणा की है।
 
अस्पतालों में हो रहे मॉक ड्रिल के बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। IMA ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं होना भी केस बढ़ने की बड़ी वजह है।

देश में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का बयान आया है। एसोसिएशन का कहना है कि देश में कोविड केस के उछाल के पीछे का कारण कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना, कम परीक्षण दर और कोविड के एक नए संस्करण का उभरना हो सकता है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राजधानी में 24 घंटे में कोरोना से हुई 4 मौतों में से 3 की मौत कोरोना समेत अलग-अलग बीमारियों से हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ेंगे क्योंकि यहां घनी आबादी है। 
----------