देश-विदेश

देव दीपावली पर काशी में खर्च का नया उजाला: होटल, नाव और दीयों में रिकॉर्ड तोड़ कारोबार

वाराणसी|  इस बार काशी की देव दीपावली सिर्फ आस्था और रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि कारोबार का भी नया इतिहास रचने जा रही है। घाटों पर जलते बीस लाख दीपों के साथ-साथ होटल, नाव और बजड़ों के किरायों में जो उछाल आया है, उसने पर्यटकों की जेब पर सीधा असर डाला है।

दुबई से महंगे हुए काशी के होटल
देव दीपावली पर वाराणसी में होटल टैरिफ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर को भी पीछे छोड़ दिया है। गंगा किनारे के तीन सितारा होटल जहाँ सामान्य दिनों में ₹8500 में मिलते थे, वहीं अब ₹12000 से ₹15000 तक पहुँच चुके हैं। पाँच सितारा होटलों का किराया ₹30000 से ₹35000 तक जा पहुँचा है — जो दुबई के होटल रेट से भी ऊपर है।

वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर अजय सिंह बताते हैं कि शहर के करीब 1200 होटल, लॉज, धर्मशालाएं और होम स्टे पूरी तरह बुक हैं। इनमें से लगभग 30 होटल तीन और पाँच सितारा श्रेणी में आते हैं, जिनके रेट में 100% से 200% तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं सामान्य होटलों और होम स्टे में 300% तक का इजाफा देखा गया है।

नावों और बजड़ों की कीमतें भी तीन गुना
गंगा की लहरों पर सैर करना अब सस्ता नहीं रहा। टूरिस्ट गाइड सदन यादव बताते हैं कि एक चार सदस्यीय समूह ने दो घंटे के लिए छोटी नाव ₹60,000 में बुक की है। बजड़े जो सामान्य दिनों में ₹30,000 से ₹35,000 में मिलते थे, अब ₹2 लाख तक पहुँच चुके हैं। बड़ी नावें ₹1.25 लाख में बुक हो रही हैं।

बीस लाख दीयों से जगमगाएगी काशी
मण्डलायुक्त एस. राजलिंगम के अनुसार इस बार करीब 20 लाख श्रद्धालु काशी पहुँचने की उम्मीद है। प्रशासन ने 15 लाख दीयों से घाटों को सजाने का लक्ष्य रखा है। चेत सिंह घाट पर लेजर शो, गंगा पार दीप सज्जा और ग्रीन क्रैकर्स शो भी आयोजन का हिस्सा होंगे। स्थानीय संस्थाएं और नागरिक भी इस दीप पर्व को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। 
----------