जौनपुर। बदलापुर महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सामूहिक विवाह को सामाजिक सहयोग और समानता का प्रतीक बताया। शनिवार को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस समारोह में 685 नवविवाहित जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
राज्यपाल ने कहा, “सामूहिक विवाह जैसी पहल समाज में सहयोग की भावना को मजबूत करती है। यह आयोजन जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।” उन्होंने सभी नवविवाहितों को सुखी, समृद्ध और आदर्श पारिवारिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सबका साथ, सबका विकास का जीवंत दृश्य
समारोह में उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बदलापुर महोत्सव में सभी जाति, धर्म और क्षेत्र के लोग एक साथ भाग ले रहे हैं—यह “सबका साथ, सबका विकास” की भावना का सजीव उदाहरण है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को दोहराते हुए कहा कि “हर गरीब परिवार की बेटी का विवाह गरिमा के साथ हो, यही हमारा संकल्प है।”
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और सहयोग की नई मिसाल पेश की।
सरदार पटेल की विरासत और गरीबी उन्मूलन पर भी बोले असीम अरुण
मीडिया से बातचीत में मंत्री असीम अरुण ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमने उनके योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के माध्यम से “80 करोड़ थालियों में भोजन पहुँचा और लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले।”