देश-विदेश

जिस दिन होने वाली थी शादी... अब होगी तेरहवीं... अपनी शादी का कार्ड बांटने निकला युवक... हादसे का हुआ शिकार

राजस्थानी के झुंझुनूं-नवलगढ़ सड़क मार्ग पर डूंडलोद फाटक के पास कार-ट्रैक्टर (पानी के टैंकर) के बीच हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों युवक दोस्त थे, जिनमें से एक की शादी होने वाली थी और वे कार्ड बांटने के लिए निकले थे। ठीक 13 दिन बाद शादी होनी वाली थी, लेकिन अब शादी वाले दिन ही तेरहवीं का कार्यक्रम होगा। 

थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि शनिवार को खेतड़ी के मनोता कला निवासी विक्रम(23) अपने फौजी दोस्त प्रवेश(28) और चचेरे भाई दिलीप कुमार(27) के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए झुंझुनूं गया था। कार्ड बांटने के बाद तीनों ने सीकर जिले में जीण माता के दर्शन के लिए प्लान बनाया।

रास्ते में शाम 6 बजे डूंडलोद फाटक के पास इनकी कार आगे चल रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। इसमें विक्रम और प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई। दिलीप, ट्रैक्टर ड्राइवर मनोज कुमार निवासी झांसी और हेमराज बंजारा (12) घायल हो गए थे। घायलों को नवलगढ़ के जिला अस्पताल में ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर दिलीप को सीकर रेफर कर दिया।

शादी से पहले युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दरअसल, परिवार में 23 अप्रैल को विक्रम की दो चचेरी बहन ममता और रूजल की शादी होनी थी। वहीं 29 अप्रैल को विक्रम और उसके चचेरे भाई सचिन की शादी होने वाली थी। 

----------