देश-विदेश

राहुल गांधी ने किए चार चुनावी वायदे... खेला ओबीसी कार्ड... पीएम मोदी को किया टारगेट

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन दाखिले का क्रम शुरू हो चुका है। इस बीच टिकट कटने से नाराज नेताओं का भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला भी जारी है, तो कांग्रेस ऐसे जम्पिंग नेताओं को अपने साथ शामिल कर उन्हें टिकट भी बांट रही है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव केवल चरण में संपन्न होगी, जिसके लिए 10 मई को मतदान होगा, तो 13 मई को गणना के साथ परिणाम भी सामने आ जाएंगे। 

कर्नाटक की सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने—अपने तरीके से दांव खेल रहे हैं। भाजपा ने कई नेताओं के टिकट काट दिए हैं, जिसकी वजह से भाजपा में नाराजगी नजर आ रही है, तो नेताओं ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है और यह सिलसिला अब भी जारी है। 

इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर्नाटक पहुंचे हुए हैं। उन्होंने सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। राहुल गांधी ने कहा कि आप(BJP) OBC की बात करते हैं, उनकी भागीदारी की बात करते हैं, OBC को पावर देने की बात करते हैं, भारत की प्रगति में शामिल करने की बात करते हैं तो पहले OBC सेंसस को पब्लिक करें। मैं आपको गारंटी देता हूं कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री यह नहीं करेंगे क्योंकि वे OBC का भला नहीं चाहते हैं। 
 
वहीं कहा कि कांट्रेक्टर एसोसिएशन प्रधानमंत्री को पत्र लिखता है और कहता है कर्नाटक में 40% कमीशन लिया जा रहा है। नरेंद्र मोदी जी ने चिट्ठी का जवाब तक नहीं दिया। मैसूर सैंडल सॉप कॉरपोरेशन में करप्शन स्कैंडल होता है, MLA का बेटा 8 करोड़ रुपए के साथ पकड़ा जाता है, जॉब स्कैम होता और प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं कहते हैं। ये 40% कमीशन लेते हैं ना ? तो आप इनको 40 सीट देना, 41 मत देना। 
 

राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार कर्नाटक में जो 4 वादे कर रही है वो यह हैं पहला वादा गृह लक्ष्मी 2000 रुपए हर महिने महिलाओं को, दूसरा गृह ज्योति 200 यूनिट मुफ्त बिजली, तीसरा अन्न भाग्य 10 किलो चावल हर परिवार को, चौथा वादा युवा निधी 2 साल के लिए 3000 रुपए हर महिने ग्रेजुएट को और 1500 रुपए डिपलोमा होल्डर को दिए जाएंगे। यह वादे जो भी कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनेगा कैबिनेट बैठेक के पहले दिन पूरा करेंगे।  

----------