देश-विदेश

गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मिलाया हाथ... लोकसभा चुनाव 2024 में... भाजपा को 'हीरो से जीरो' बनाने का रखा लक्ष्य

बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। राज्य सचिवालय में हुई इस मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि सीएम ममता के साथ हमारे लंबे समय के रिश्ते हैं। उनके शासन काल में हुए विकास को हमने देखा है। वहीं ममता बनर्जी ने कहा कि हमारा उद्देश्य बीजेपी को 'हीरो से जीरो' बनाना है।

ममता बनर्जी के साथ मीटिंग के बाद बिहार के सीएम ने कहा कि हमने तय किया है कि सभी पार्टियों को एक साथ आकर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटना चाहिए। विपक्षी दलों को देश के विकास के बारे में सोचने के लिए एक मंच पर आना होगा। बीजेपी को देश के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है। बीजेपी नेताओं को तो केवल अपने प्रचार की चिंता है।

 
बंगाल में हुई ममता बनर्जी के साथ बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि बैठक बहुत सकारात्मक रही। वहीं, बंगाल की मुख्यमंत्री ने इस बैठक के बाद कहा, "जेपी आंदोलन बिहार से शुरू हुआ था, इसलिए हमें पहले बिहार में एकता का संदेश देने के लिए एक बैठक करनी चाहिए। इस संबंध में मैंने नीतीश जी से अनुरोध भी किया है।"
 

बीते दिनों सीएम नीतीश ने कहा था कि 2024 के चुनाव को देखते हुए वो पूरे देश का दौरा करेंगे। इसमें विपक्षी एकजुटता पर जोर दिया जाएगा। इसे लेकर सभी लोगों के साथ दिल्ली में बात भी हो चुकी है। कांग्रेस और अन्य दल सहमत भी हैं। नीतीश ने कहा था, 'सात महीने से बात रुकी पड़ी थी, लेकिन जब दिल्ली बुलाकर बात की गई तो सबसे सभी बातें हुईं।' बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा था कि दिल्ली में बैठे लोगों को काम से नहीं बल्कि प्रचार से मतलब है। इतिहास बदलने का प्रयास हो रहा है। 

----------