देश-विदेश

मुख्यमंत्री बदले जाने को लेकर फिर चली बयार... सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर... सामने आ रहे अलग—अलग बयान

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तीन दिन (24 से 26 अप्रैल) छुट्टी पर गए हैं। इस जानकारी के सामने आने के बाद सियासी हलकों में कई तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बारे में खुद शिंदे कैबिनेट के दो मंत्रियों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं, जिसकी वजह से चर्चाओं को ज्यादा हवा मिल गई है। एक तरफ जहां मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि सीएम एकनाथ शिंदे सबसे ज्यादा समय तक काम करते हैं। इस वजह से उन्हें पर्याप्त नींद नहीं मिल पाती है। उन्हें रात में कभी सलाइन भी लगाना पड़ता है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सख्त हिदायत दी थी लेकिन वह उनकी सलाह मान नहीं रहे थे। इसलिए उनके परिवार वाले उन्हें जबरन उनके मूल गांव (सतारा) ले गए। ताकि वह कुछ आराम कर सकें। वहीं मंत्री उदय सामंत ने सीएम की छुट्टी के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि वह गांव के मेले में शामिल होने के लिए गए हैं।

महाराष्ट्र में सियासी हलचल जारी है, इस बीच प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने देवेंद्र फडणवीस को सीएम बनाने की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता चाहते हैं कि देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री होना चाहिए है, लेकिन आज की असलियत ये है कि आज सीएम एकनाथ शिंदे हैं और वही हमारे नेता हैं। 

चर्चाओं के गर्म बाजार के बीच नागपुर में फडणवीस को भावी सीएम बताते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। बता दें कि इस समय देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम हैं और बीजेपी अध्यक्ष का बयान ऐसे समय में आया है जब एनसीपी नेता अजित पवार को लेकर कई तरह की अटकलें हैं।  

----------