देश-विदेश

पूर्व मुख्यमंत्री का निधन... अंतिम यात्रा से पहले पहुंचे पीएम मोदी... बोले, यह मेरे के लिए व्यक्तिगत क्षति

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बादल का मंगलवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद एक हफ्ते पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 साल के थे।

आज उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, इससे पहले उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव देह को रखा गया है, जिसके​ लिए प्रधानमंत्री मोदी भी पहुंचे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने बादल के निधन को ‘‘व्यक्तिगत क्षति'' बताते हुए कहा कि बादल एक वरिष्ठ राजनेता ही नहीं, भारतीय राजनीति की एक महान शख्सियत थे, जिन्होंने देश के विकास में अहम योगदान दिया।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व प्रदान किया।'
 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मुझे उनके साथ हुई कई बातचीत याद है, जिसमें उनका विवेक हमेशा स्पष्ट रूप से झलकता था। उनके परिवार और अनगिनत समर्थकों के प्रति संवेदना।
----------