मणिपुर में हालात अब तक बेकाबू हैं। इस बीच मणिपुर से ना केवल हैरान करने वाला, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिसके मुताबिक एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो महिलाओं को कुछ लोग निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से एक बार फिर मणिपुर में हिंसा बढ़ गई है, तो तनाव का माहौल बन गया है।
इस वीडियो के वायरल होने की चर्चा पूरे देश में हो रही है, तो सियासत भी गर्मा गई है। विपक्ष इस मामले को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वीडियो को लेकर कहा कि 'मणिपुर की जो घटना सामने आई है वो किसी भी सभ्य समाज के लिए ये शर्मसार करने वाली घटना है। गुनाह करने वाले कितने और कौन हैं, वो अपनी जगह पर हैं पर बेइज्जती पूरे देश की हो रही है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वो अपने राज्यों में कानून व्यवस्थाओं को और मजबूत करें। खासतौर पर हमारी मातओं-बहनों की रक्षा के लिए कठोर से कठोर कदम उठाए।'
जिस वीडियो को वायरल किया गया है, उसे 4 मई का बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) के गुरुवार को होने वाले प्रदर्शन से ठीक एक दिन पहले प्रसारित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि ये वीडियो इस वजह से वायरल किया जा रहा है, ताकि उस समुदाय की दुर्दशा को उजागर किया जा सके।
ITLF के एक प्रवक्ता ने बताया कि कांगपोकपी जिले में 4 मई का है। इसमें महिलाओं को नग्न अवस्था में दर्शाया गया है। वीडियो में पुरुष पीड़ित महिलाओं से लगातार छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पीड़ित महिलाएं बंधक बनी हुई हैं और लगातार मदद की गुहार लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने इस वीडियो को बनाने के बाद वायरल भी कर दिया है। इससे इन निर्दोष महिलाओं द्वारा झेली गई भयावह यातना कई गुना बढ़ गई है।