भक्तिमय संध्या के साथ भागवत कथा के कार्यकर्ताओं का आभार
2025-09-17 09:37 PM
400
कार्यकर्ताओं ने सात दिवसीय आयोजन को लेकर साझा किए अपने- अपने अनुभव
रायपुर। ‘हे दुख भंजन, मारुति नंदन.. सुन लो मेरी पुकार, पवन सुत विनती बारंबार...’ की सुमधुर प्रस्तुति के साथ अजय पोतदार ने भक्तिमय संध्या की जोरदार शुरुआत की। इसके बाद भारती पलसोदकर ने ‘हरि सुंदर नंद मुकुंदा...’ की बेहतरीन पेशकश के साथ इस आयोजन को स्थापित कर दिया। बात हो रही है महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में बुधवार शाम को श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के सक्रिय कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता कार्यक्रम की।
इसे भक्तिमय कार्यक्रम के रूप में स्थापित करने में कला एवं संस्कृति के गायकों ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। अंकिता किरवई ने ‘मनिहारी के भेष बनाया श्याम चुड़ी बेचने आया...’ भजन से और सुमीत मोडक ‘रचा है सृष्टि ने जिस प्रभु को…वहीं इस सृष्टि को चला रहे हैं’ ने भी सुमधुर भजन से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद सभागृह में बैठे सभी लोगों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन रंजन मोडक ने किया। भजनों के बाद कुछ सदस्यों का एक साथ जन्मदिन मनाया गया। श्रीमद् भागवत कथा के सफल आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपने- अपने अनुभव साझा किए।














