दिव्य महाराष्ट्र मंडल
देवी गोंधळ के साथ भक्तिमय हुआ मराठी सोहळा
- नागपुर से आई पारंपरिक लोक गायकों की टीम
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित मराठी सोहळा में आयोजित देवी गोंधळ ने कार्यक्रम को पूरा भक्तिमय कर दिया। सभासद देवी की भक्ति में डूबे नजर आए। मंडल के सचिव और आचार्य चेतन दंडवते व सहसचिव अजय पोतदार ने पूरे विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से देवी की पूजा अर्चना करवाई। इस अवसर पर नागपुर से आई पारंपरिक लोग गायकों की टीम ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

आचार्य चेतन दंडवते ने बताया कि मराठी सोहळा के दौरान 11 यजमानों ने अपनी कुलदेवी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नागपुर से आए पारंपरिक गोंधळ गायकों ने गोंधळ प्रस्तुत किया। वे सभी गोंधळ में मुख्य रूप से उपयोग में होने वाले संबळ (संभल), तुणतुणे, टाळ, झांज और डिमडी जैसे वाद्य यंत्रों के साथ आए थे। इन वाद्ययंत्रों के स्वर ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी।

आचार्य दंडवते ने बताया कि छत्तीसगढ़ में निवासरत ज्यादातर मराठी परिवारों की कुलदेवी तुलजापुर की मां तुलजा भवानी, माहुरगढ़ की रेणुकामाता और कोल्हापुर की महालक्ष्मी है। इसके अलावा अंबा बाई और सप्तश्रृंगी देवी की पूजा भी की गई। नागपुर से आए लोक कलाकारों ने गणपति वंदना से देवी भक्ति गीतों के श्रृंखला की शुरुआत की। जिसके बाद गीतों के माध्यम से देवी का आह्वान और देवी की आराधना की।
आचार्य दंडवते ने बताया कि आज हुई पूजा में सौ. संध्या- श्यामसुंदर खंगन, सौ. आकांक्षा, अतुल गद्रे, सौ. वंदना, प्रसन्न निमोंणक, सौ. जयश्री, अनिल नानोटी, सौ. अभिलाषा-विजय पंडित, सौ. अरुणिमा समीर तनखीवाले, सौ. अमृता, अनिल भांडगे, सौ. शारदा, शरद डाँगे, सौ. विशाखा, वसंत जोशी, मराठे दंपती और सौ. अर्पिता-अरुण जोशी शामिल हुए।

मराठी सोहळा में आईटी विशेषज्ञ परितोष की वर्कशॉप पर वरिष्ठ नागरिक भी डिजिटल लेन-देन को लेकर हुए अपडेट
रायपुर। यदि हम अपनी ओर से चौकन्ने रहें, सावधानी से डिजिटल लेन-देन करें, वाट्सएप पर आने वाले अनजान कॉल को नजरअंदाज करना सीख जाएं, तो न केवल डिजिटल क्राइम धीरे- धीरे खत्म होने लगेंगे, बल्कि हमारी जिंदगी में भी अनाश्यक तनाव व तकलीफें नहीं आएंगी। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी, आईटी स्पेशलिस्ट परितोष डोनगांवकर ने बुजुर्गों की कार्यशाला में इस आशय के विचार व्यक्त किए।
महाराष्ट्र मंडल की 91वीं वर्षगांठ पर आयोजित मराठी सोहळा (मेला) में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित विशेष कार्यशाला में उन्होंने कहा कि समय- समय पर अपने पासवर्ड बदलते रहें और किसी को बताएं न, पूछने पर भी नहीं। पासवर्ड तय करते समय यह सावधानी जरूरी बरतें कि आप अपने जन्मदिन, विवाह तिथि जैसे महत्वपूर्ण तारीखों को नजरअंदाज करें, ताकि गलत उद्देश्य से कोई आपके पासवर्ड का अनुमान भी न लगा सके।

परितोष ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन में समझाया कि ओटीपी यानी वन टाइम पासवर्ड के लिए भी इसी तरह की सावधानी बरतनी जरूरी है। किसी हड़बड़ी, तनाव या धमकी भरे फोन कॉल, डिजिटल अरेस्ट के दौरान यदि आपने अपना ओटीपी किसी से भी शेयर कर दिया, तो यह आपको बहुत ही भारी पड़ सकता है। यही वजह है कि आपको न तो वाट्सएप पर आए अंजान कॉल को स्वीकार करना है और न ही किसी के दबाव में कोई डिजिटल लेन- देन करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन- देन को लेकर मन में थोड़ी भी शंका है, तो सबसे पहले अपने ट्रांजेक्शन को ही निरस्त कर दें।
प्रश्न- उत्तर सेगमेंट में परितोष ने लोगों के सवालों का जवाब उदाहरण देकर किया। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने पूछा कि हमारा मोबाइल हैक होने के बाद वह कितनी देर में नार्मल होगा और कैसे। परितोष के बताया कि जैसे ही आपको पता चलेगा कि मोबाइल फोन हैक हो गया है, तो तत्काल साइबर क्राइम को कॉल करके उन्हें इसकी सूचना दें, ताकि यह स्पष्ट हो जाए कि मोबाइल हैकिंग के दौरान किसी भी कॉल, मैसेज- वीडियो और आर्थिक लेन-देन के लिए आप जिम्मेदार नहीं है। उसके बाद आप अपना मोबाइल कुछ देर के लिए बंद कर दीजिए। तत्पश्चात मोबाइल फोन शुरू करने पर वह पहले की ही तरह वह काम करने लगेगा। डॉ. कमल वर्मा, श्याम सुंदर खंगन सहित वरिष्ठ नागरिकों के सवालों का भी परितोष ने जवाब दिया।
पावर पॉइंट प्रेजेंटशन में दी गई जानकारी:-
0- साइबर अपराध के प्रकार-
:- हैकिंग: सिस्टम या डेटा तक अनाधिकृत पहुंच।
:- फ़िशिंग: भरोसेमंद इकाई होने का भ्रम दिखाकर संवेदनशील जानकारी (जैसे, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड विवरण इत्यादि) प्राप्त करने जैसी धोखाधड़ी। मैलवेयर दुर्भावनापूर्ण सॉफ़्टवेयर, जिसमें वायरस भी शामिल हैं।
0- साइबर अपराध का प्रभाव-
:- वित्तीय घाटा: व्यवसायों, व्यक्तिगत डेटा और बुनियादी ढांचे में सालाना अरबों डॉलर का नुकसान होता है।
:- प्रतिष्ठा क्षति: उल्लंघनों के बाद कंपनियों को विश्वास की हानि होती है, जिससे दीर्घकालीक नुकसान होता है।
:- राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम: महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और शासकीय नेटवर्क पर साइबर हमले।
0- साइबर अपराधी कैसे काम करते हैं-
:- सोशल इंजीनियरिंग: गोपनीय जानकारी प्रकट करने के लिए लोगों को बहलाते हैं।
:- कमजोरियों का शोषण: सुरक्षा में सेंध लगाने के लिए सॉफ़्टवेयर या हार्डवेयर में कमज़ोरियां ढूंढना। अवैध वस्तुओं का बाज़ार, जिसमें चुराया गया डेटा, हैकिंग सेवाएं और बहुत कुछ शामिल हैं।
0- रोकथाम एवं सुरक्षा-
:- मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें: सामान्य पासवर्ड जैसे अपना नाम, उपनाम, जन्म तिथि जैसे पासवर्ड से बचें।
:- सॉफ़्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करें
:- कमजोरियों को रोकने के लिए सिस्टम और एप्लिकेशन को अपडेट रखें।
:- एंटीवायरस और फ़ायरवॉल: दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का पता लगाने और उसे रोकने के लिए सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें।
:- शिक्षा एवं जागरूकता: साइबर खतरों को पहचानने पर कर्मचारियों और व्यक्तियों को भी इसके लिए प्रशिक्षित करें।
0- सावधानियां-
• यदि कोई अनजान व्यक्ति आपको कॉल/मैसेज कर लुभावना ऑफर देता है या आपके किसी सर्विस के ब्लॉक होने का भय दिखाता है, आपकी किसी एग्जिस्टिंग सर्विस, ऑनलाइन खरीददारी या व्यक्तिगत जानकारी देकर आपको विश्वास में लेता है, तो सचेत हो जाएं। आप साइबर ठगी के शिकार हो सकते हैं।
• किसी भी अंजान व्यक्ति को फोन पर अपनी निजी जानकारी जैसे आधार नंबर, पैन कार्ड नंबर, एटीएम कार्ड नंबर, ओटीपी आदि साझा न करें।
• बीमा/फाइनेंस/किश्त/लोन/केवाईसी अपडेट/सिम ब्लॉक होना/लाटरी या लक्की ड्रा जैसे फोन काल/मैसेज के झांसे में न आएं।
• लोन ऐप के झांसे में न आएं। ये बाद में आपको ब्लैकमेल करते हैं।
• अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी थर्ड पार्टी एप्लीकेशन जैसे क्विक सपोर्ट, एनीडेस्क, टीम विवर, एमई एड्मिन जैसे अन्य कोई भी सिस्टम शेयरिंग एप को इंस्टाल न करें।
• अंजान नंबर से आए लिंक्स को कभी क्लिक न करें। आपका फोन हैक हो सकता है।
• अंजान नंबर के वीडियो कॉल न उठाएं। फोन उठाते ही आप ब्लैक मैलिंग के शिकार हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्तियों से दोस्ती करने से बचें।
• पाकिस्तान या अन्य विरोधी देशों से आने वाले कॉल न उठायें
• क्यूआर कोड पर स्कैन करते समय किसे भुगतान किया जा रहा है, उसकी जानकारी चेक करें
• गूगल में कस्टमर केयर का नंबर सर्च करते वक्त सावधानी बरतें। कस्टमर केयर नंबर के लिए हमेशा संबंधित कंपनी के वेबसाइट पर जाएं।
• सोशल मीडिया एकाउंट्स पर टू स्टेप वेरीफिकेशन का उपयोग कर प्रोफाइल लॉक रखें।
• सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली खबरों से बचें व बिना जांचे फॉरवर्ड न करें।
• यदि कोई फोन कॉल के माध्यम से यह बोले कि आपका बच्चा किसी केस में फंस गया है, तो हो जाए सावधान। घबराएं नहीं, नजदीक पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें।
• किसी अनजान व्यक्ति द्वारा आपका परिचित बनकर आपके खाते में राशि भेजने का झांसा देकर ठगी कर सकता है।
• सोशल साइट में पार्ट-टाइम नौकरी, घर बैठे काम, पैंसिल पैकिंग जैसे झांसे वाले काम के भ्रम में न आएं।
• किसी भी व्हाट्सअप या टेलीग्राम ग्रुप से जुड़कर शेयर में निवेश करने से बचे।
• व्हाट्सअप पर आए किसी अन्य प्रकार के एप्लीकेशन (एपीके फाइल) को डाउनलोड या इंस्टाल न करें। (apk)
• किसी के कहने पर कॉल फॉरवर्ड/ अंजान शॉर्ट कोड को अपने मोबाइल से डायल न करें।
‘स्टाइल से सजेगी दिवाली’ टेबल डेकोर वर्कशॉप में दिखा महिलाओं का उत्साह
- रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने किया आयोजन
रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा प्री-दीवाली सेलिब्रेशन के अंतर्गत ‘स्टाइल से सजेगी दिवाली’ टेबल डेकोर वर्कशॉप का आयोजन 26 अक्टूबर को सिलवाना में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों को दीपावली के अवसर पर घरों और डाइनिंग टेबल को आकर्षक, रचनात्मक एवं पारंपरिक अंदाज में सजाने के नए तरीके सिखाना था। आयोजन में त्योहार को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया।

वर्कशॉप में मुस्कान सुल्तानिया एवं ऋषिता संचेती ने मार्गदर्शन देते हुए टेबल डेकोरेशन की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार रंगों, फूलों, मोमबत्तियों, दीयों, सजावटी वस्तुओं और रोजमर्रा में उपयोग होने वाली चीजों का रचनात्मक इस्तेमाल करके टेबल को खूबसूरत और आकर्षक बनाया जा सकता है। वर्कशॉप के माध्यम से सभी ने सीखा कि थोड़ी-सी कल्पनाशीलता और सही सजावट से घर की सुंदरता को किस तरह बढ़ाया जा सकता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दीपावली की खुशियों को रचनात्मकता के साथ जोड़ना तथा सदस्यों को कुछ नया सीखने का अवसर प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। दीपावली की रोशनी, सजावटी मोमबत्तियों, दीयों और रंग-बिरंगी सजावट ने पूरे आयोजन में उत्साह एवं उमंग का संचार किया। फुलझड़ियों एवं अन्य आतिशबाजी के साथ दीपावली की खुशियों को साझा किया गया। रोशनी और सजावट से सजे वातावरण में सभी ने उत्सव का आनंद लिया। क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता, सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल एवं कार्यक्रम की चेयरपर्सन रोटेरियन राखी अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने सदस्यों को सीखने, अपनी कला को निखारने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस का यह आयोजन ‘सीखें, सजाएं और खुशियां मनाएं’ की भावना को साकार करता नजर आया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खूबसूरती केवल सजावट में ही नहीं, बल्कि अपनों के साथ खुशियां बांटने और यादगार पल बनाने में भी निहित है।
‘आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने...’, सभासदों ने नाना को दी श्रद्धांजलि
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आय़ोजित मराठी सोहळा के अंतिम दिन भारतीय सिनेमा जगत के दिग्गज सितारे नाना पाटेकर पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष 1994 में नाना पाटेकर अभिनीत हिंदी फिल्म क्रांतिवीर के एक प्रसिद्ध डायलॉग ‘आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने...’ का मंचन किया गया। महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के समन्वयक और रंगसाधक अभिषेक बक्षी ने नाना पाटेकर के डायलॉग को इतने अच्छे से मंचित किया कि सभी ने खूब तालियां बजाई। नाट्य अभिनय में जल्लाद की भूमिका साहित्य समिति के प्रमुख अभय भागवतकर ने निभाई।
अभिषेक ने कहा कि नाना पाटेकर का जाना भारतीय सिनेमा की अपूरणीय क्षति है। बहुत कम अभिनेताओं के अभिनय में वह संवदनशीलता, गहराई, विशिष्टता और दमदारी होती है, जो नाना पाटेकर में थी। नाना अपने विचारों को व्यक्त करने में कभी संकोच नहीं करते थे। इस अवसर पर नाना पाटेकर के प्रसिद्ध डायलॉग और कुछ फिल्मों के सीन का प्रसारण प्रोजेक्ट के माध्यम से सभागृह में किया गया।
मराठी सोहळा के अंतिम दिन ‘जब जिद पर आई पार्वती...’ ने बटोरी तालियां’
‘मानवता का सफर... महाराष्ट्र मंडल रायपुर की यादें’
प्रशांत सहस्रबुद्धे
एक छोटा-सा संदेश मिला और रायपुर का सफर हुआ, केस नंबर 99 नाटक के साथ सुंदर संयोग बना! तैयारी हुई झटपट और कार्यक्रम भी खूब शानदार रहा, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के 91वें स्थापना दिवस की शोभा और बढ़ गई। विभिन्न गतिविधियों में फिर सहभागिता का अवसर मिला, जिसमें पहला कदम बढ़ाकर रक्तदान करने का सौभाग्य मिला। सबसे पहले रक्तदान कर वह क्षण धन्य हो गया, मानवता के इस महायज्ञ में अपना छोटा-सा योगदान मिल गया।
रक्तदान, देहदान और नेत्रदान पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, रायपुर के प्रतिष्ठित लोगों के साथ उपस्थित होने का अवसर मिला। अनेक नई बातें सीखते हुए ज्ञान का क्षितिज विस्तृत हुआ, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले से मिलना एक अनमोल अनुभव रहा।
अध्यक्ष अजय मधुकर काले की यही महानता है, उनके सामाजिक कार्यों ने मेरी सोच को नई ऊंचाई दी है। दो दिनों का यह सफर मानो यादों के अनमोल मोती बन गया, इस सुंदर समारोह से जीवन का हर दीप और जगमगा उठा।
‘सामाजिक विकृति के लिए अभिभावक जिम्मेदार’ पक्ष-विपक्ष दोनों ने दृढ़ता से रखे विचार
- मराठी सोहळा में हुआ महाविद्यालयीन स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
रायपुर। मराठी सोहळा के तीसरे और अंतिम दिन महाविद्यालय स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विषय था ‘सामाजिक विकृति के लिए अभिभावक जिम्मेदार’। निर्धारित विषय पर पक्ष और विपक्ष दोनों ने पूरी दृढ़ता के साथ अपने-अपने विचार रखें। सामाजिक कुरीति के लिए अभिभावक को जिम्मेदार मनाते हुए पक्ष में अपने विचार रखते हुए स्पर्धा में मैका कालेज की हर्षिता परिदा ने प्रथम स्थान और धवल शाह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं विपक्ष से प्रिंस केशरवानी ने प्रथम और गौरी ठाकुर द्वितीय स्थान पर रही। स्पर्धा का आयोजन महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति और साहित्य समिति के सहयोग से किया गया।
पक्ष में अपने विचार रखते हुए प्रतिभागी अंकित कुमार राठौर ने कहा कि आज अभिभावकों का लाड प्यार और डिजीटल लापरवाही बच्चों को सामाजिक कुरीति की ओर ले जा रही है। अगर पैरेट्स बच्चों को समय से पहले मोबाइल न दें तो बच्चे की लत लगेगी ही नहीं। अभिभावकों द्वारा अनुशासन न सीखाना ही उनकी गलती है। वहीं विपक्ष में अपने विचार ऱखते हुए उमेश कुमार मेश्राम ने कहा कि एक ही घर में अच्छे और बुरे दोनों लोग मिलते है, दो भाई में अलग-अलग संस्कार परिलक्षित होते है तो क्या आप यह कहेंगे कि दोनों को अलग-अलग संस्कार दिए गए। यह तो हमारे ऊपर डिपेंड करता है कि हम उन संस्कार को कैसे ग्रहण करते है।
विपक्ष में अपने विचार रखते हुए एनआईटी रायपुर के प्रिंस केशरवानी ने कहा कि आज का बच्चा बाहरी चीजों, सोशल मीडिया से अपना खुद का इनवायरमेंट चुन रहा है, ऐसे में अभिभावकों को दोष नहीं दिया जा सकता है। बेशक बच्चों के प्रारंभिक गुरु मां-बाप होते है, लेकिन क्या बड़ा होने के साथ वह सीखना बंद कर देता है। जब वह सीख रहा है तो अभिभावकों को कैसे दोष दिया जा सकता है।
एनआईटी के छात्र धवल शाह ने पक्ष में अपने विचार रखते हुए सामाजिक कुरीतियों के लिए अभिभावकों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आखिर अभिभावक बच्चों से सिर्फ अपने हित ही उम्मीद क्यों रखते है। बच्चा अच्छा नंबर लाया तो ठीक नहीं तो उसे सिर्फ डांट ही क्यों मिलती है। अभिभावकों के इसी व्यवहार के कारण बच्चे सामाजिक कुरीतियों की ओर बढ़े चले जाते है। इस अवसर पर गौऱी ठाकुर प्रशात साहू, जसगुन गौर और वीणा यादव ने भी अपने विचार ऱखे।
कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका लेखिक डा. सुनीता पाठक और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विवि के प्राध्यापिका डा. अदिती देशमुख ने अदा की। कार्यक्रम में मंडल के साहित्य समिति की समन्वयक कुमुद लाड, प्रमुख अभय भागवतकर, युवा समिति की समन्वयक डा. शुचिता देशमुख, पुरुष प्रमुख शुभम पुराणिक, महिला प्रमुख श्रावणी मुकादम, छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के समन्वयक अभिषेक बक्षी, पर्यावरण समिति के प्रमुख पराग दलाल सहित युवा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
मराठी मेले में सभासदों ने जोश से किया रक्तदान

उज्जैन के दो अंकी मराठी नाटक ‘केस नंबर 99’ ने दो घंटे तक बांधे रखा दर्शकों को
रायपुर। जीवन बीमा की पॉलिसी हासिल करने को लेकर चालबाजियों की कहानियां हमने कई फिल्मों व नाटकों में देखी है, लेकिन यह पहला नाटक है, जो शुरुआती दौर में आसान तो दिखाई देता है लेकिन है नहीं। जैसे- जैसे कहानी आगे बढ़ते जाती है वैसे- वैसे मंच पर पेचिदगियों बढ़ती जाती है और दो घंटे के दो अंकी नाटक के क्लाइमेक्स में रंगप्रेमी दर्शक बस सांसे थामे देखते ही रह जाती हैं।
बात हो रही है मराठी नाटक ‘केस नंबर 99’ की, जिसका मंचन शनिवार शाम को महाराष्ट्र मंडल के मराठी सोहळा (मेला) में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर किया गया। इस रोमांचक, गंभीर और हास्य के साथ रहस्यमयी नाटक के लेखक योगेश सोमण और निर्देशक यशोवर्धन केलकर हैं। उज्जैन के नाटक ‘केस नंबर 99’ में यशोवर्धन केलकर और दिपाली केलकर ने पति- पत्नी की भूमिका में प्रभावित किया है। पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में प्रशांत सहस्त्रबुद्धे बेहतरीन टि्वस्ट लाते हैं लेकिन नाटक का सस्पेंस कुछ और ही निकलता है।
विशाल परिहार ने नाटक में विद्युत और ध्वनि संयोजन का निपूणता से काम किया। वहीं खुशाली केलकर ने वेशभूषा, रंगसज्जा व नेपथ्य में बखूबी जिम्मेदारी निभाई। संवेदनशील अभिनय और प्रभावी नेपथ्य वाले मराठी नाटक ‘केस नंबर 99’ को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे।
‘धर्मसभा में व्यासपीठ से हो रक्तदान, नेत्रदान और देहदान के लिए आह्वान’
- मराठी मेले में तीसरे दिन सर्वसमाज की संगोष्ठी में सर्वसम्मत विचार- बड़े पैमाने पर चलाया जाए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान
रायपुर। किसी जाति- धर्म, संप्रदाय की धर्मसभा, प्रवचन स्थल से यदि हमारे धर्मगुरु अथवा प्रवचनकर्ता रक्तदान, नेत्रदान अथवा देहदान का आह्वान करें, तो जागरूकता की दृष्टि से इसका लोगों पर सर्वाधिक असर पड़ेगा। इस आशय के विचार डॉ. मनीष शरण श्रीवास्तव ने व्यक्त किए। वे महाराष्ट्र मंडल के मराठी सोहळा (मेला) में तीसरे दिन आयोजित सर्वसमाज की संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि यदि धर्मसभा में व्यासपीठ से यह समझाया जाए कि नेत्रदान अथवा देहदान के बाद भी अंतिम क्रियाएं पूरी की जा सकती हैं और मोक्ष नहीं मिलने की बात पूरी तरह भ्रामक है। इससे बहुत पैमाने पर लोगों में इसे लेकर जागरूकता आएगी और वे इसके लिए तैयार होंगे। नाना पाटेकर को अपना रक्तदान समर्पित करने के बाद डॉ. श्रीवास्तन ने कहा कि नेत्रदान अब तो बेहद आसान हो गया है और फार्म भी नहीं भरना पड़ता। उन्होंने कहा कि देहदान को लेकर अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है, खासकर इसकी प्रक्रिया आसान बनाई जानी चाहिए।
बढ़ते कदम के संयोजक इंदर डोडवानी ने कहा कि मरीजों व उनके परिजनों की सर्वाधिक भीड़ डॉ. आंबेडकर हॉस्पिटल में जुटती है इसलिए यहां न सिर्फ जागरूकता के सर्वाधिक कदम उठाए जाने चाहिए, बल्कि नेत्रदान व देहदान के लिए तत्पर टीम तैनात की जाने चाहिए, ताकि लोगों को इसके लिए परेशान न होना पड़े। इसी तरह नेत्रदान और देहदान करवाने वाले परिवारों का बड़े मंचों पर सार्वजनिक सम्मान किया जाना चाहिए। इससे लोग प्रोत्साहित व प्रेरित होंगे। कान्य कुब्ज समाज के राघवेंद्र मिश्र ने कहा कि रक्तदान आज भी समाज की बड़ी समस्या है। कई लोग अन्य समाज व साधारण रक्त दाताओं का रक्त लेने से मना कर देते हें। इसलिए रक्तदान, देहदान के लिए व्यापक प्रचार अभियान शुरू करना चाहिए।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व महाराष्ट्र मंडल की वरिष्ठ सभासद शताब्दी पांडे ने कहा कि रक्तदान को लेकर महिलाओं के भ्रम को दूर करने की जरूरत है। छत्तीसगढ़़ फिल्म इंडस्टी के निर्माता विजय कुमार साहू के अनुसार बड़े आयोजनों, समारोहों में नेत्रदान व देहदान को प्रमोट किया जाना चाहिए, इससे लोग अधिक प्रभावित होंगे। उज्जैन से पधारे रंगकर्मी प्रशांत सहस्त्रबुद्धे कहा कि नेत्रदान, देहदान को लेकर हो रही परेशानियों को पीएम फोरम में डालने से उसकी त्वरित सुनवाई होती है। हमें इसका लाभ लेना सीखना चाहिए।
बृहन्महाराष्ट्र मंडल के राष्ट्रीय महासचिव व महाराष्ट्र मंडल के पूर्व अध्यक्ष शेखर रावसाहेब अमीन ने कहा कि नेत्रदान व देहदान को लेकर मोटिवेशन व अवेयरनेस की कमी है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से भी इस दिशा में बहुत अधिक काम करने की जरूरत है। तीनों दान के लिए जागरूकता अभियान में सबसे पहले युवाओं को जोडने की जरूरत है क्योंकि इसमें आमतौर पर 50 साल से अधिक आयु के लोग ही दिखाई देते हैं। डॉ. कमल वर्मा के मुताबिक जो वरिष्ठ नागरिक वृद्धाश्रम में रहते हैं या जिनके बच्चे अपने अभिभावकों को छोड़कर विदेशों में जा बसे हैं, ऐसे बुजुर्गों से देहदान कराने को लेकर फोकस किया जाना चाहिए। देहदान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कानून को सरलीकृत भी किया जाना चाहिए।
रोटरी क्लब मध्य रीजन के पूर्व गवर्नर, महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ रंगसाधक शशि वरवंडकर के अनुसार अगर कहीं जरूरत से ज्यादा रक्त दान में मिल गया, तो वो उस खून का क्या करेंगे, क्या दूसरी जरूरतमंद संस्था अथवा अस्पताल को देंगे, इसकी मॉनिटरिंग कौन कर रहा है। इस भी ध्यान देने की जरूरत है। घर की महिला सदस्य के लिए खून इकट्ठा कर रहे परिवार से जब रक्तदान करने का आग्रह किया जाता है, तो वो उसे वहीं छोड़कर भाग जाता है। ऐसे देश में रक्तदान के लिए कितने अधिक और कहां- कहां जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।
सीमेंट कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारी विनय काले ने कहा कि नुक्क्ड़ नाटक, चौपाल चर्चा जैसे माध्यमों से रक्तदान को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। देहदान को लेकर शहरों में भी लोगों को अवेयर करना होगा। प्रतिदिन रायपुर में सौ से अधिक लोगों की मौत होती है, इनमें से पांच शव भी दान वाले नहीं होते। जबकि प्रतिदिन देहदान और नेत्रदान करने वालों को अखबार कें माध्यम से भी भरपूर प्रचार- प्रचार व सम्मान मिलना चाहिए। संगोष्ठी में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। वहीं संचालन उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने किया। महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, भवन प्रभारी निरंजन पंडित, दिव्यांग बालिका विकास गृह प्रभारी मालती मिश्रा, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, विक्रम हिशीकर, गणेशा जाधव पाटिल, श्याम दलाल, मंगल जाधव पाटिल सहित अनेक लोग संगोष्ठी में उपस्थित रहे।
सुझाव
:- जिन अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में नेत्रदान और देहदान किया गया हो, वहां दान करने वालों के नाम उस पूरे दिनभर इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड पर हाईलाइट किए जाने चाहिए।
:- कॉलेजों में प्रति वर्ष वार्षिकोत्सव के दौरान रक्तदान शिविर लगाकर युवाओं को जागरूक करने की जरूरत है। इसके लिए वहां दो सप्ताह पहले ही प्रचार-प्रसार कर लोगों को शिविर के दिन बुलाना चाहिए।
:- गांव- गांव में प्रचार- प्रसार करके रक्तदान को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि वहां रक्तदान वाली बसों को भेजकर ग्रामीणों को इसके लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
:- नेत्रदान व देहदान का फार्म भरने वालों को सार्वजनिक मंचों व सम्मानित किया जाना चाहिए और उनके ही माध्यम से भी इसे लेकर अभियान चलाना चाहिए।
:- जो वरिष्ठ नागरिक वृद्धाश्रम में रहते हैं अथवा जिनके बच्चे विदेशों में जाकर बस गए हैं, उन्हें पहले ही नेत्रदान व देहदान के लिए सहमत कर फार्म भरवा लेना चाहिए।
:- रायपुर में सबसे पहले देहदान करने वाले दुर्गा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य, शिक्षाविद और पूर्व मंत्री रणवीर सिंह शास्त्री की प्रतिमा लगाकर लोगों को इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
:- धार्मिक मान्यताओं के आधार पर देहदान व नेत्रदान करने से रोकने वालों को समझाना चाहिए कि दधीचि ने सृष्टि का पहला देहदान दिया था, तो ये कैसे अव्यवहारिक, असंगत, अधार्मिक हो सकता है।
मराठी मेले में आकर्षित कर रहे स्टाल..... खाद्य स्टाल के साथ दीवाली के सजावटी सामान की अच्छी डिमांड
- झुनका भाकर, मुगौड़ी से लेकर वड़ा पाव तक स्वादिष्ट नाश्ते ने भी लोगों को बना रखा है दीवाना, स्टाल पर मिलेट्स के आयटम ने भी खींचा ध्यान
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के 92वें स्थापना दिवस पर धूमधाम से शुरू हुए तीन दिवसीय मराठी मेले में एक से एक स्टाल लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। इसकी बड़ी वजह दिवाली त्योहार से पहले जरूरी डेकोरेटिव सामानों की खरीदी होने वाले स्टाल हैं, जिसमें बेहतरीन डिजाइनर ड्रेस, महिलाओं के आर्टिफिशियल आर्नामेंट्स, घर सजाने के सैकड़ों साजो सामान, आकर्षक दीये, मोमबत्ती, आर्टिफिशियल फ्लावर सहित और भी बहुत कुछ। वहीं बच्चों से लेकर किशोर वय और युवाओं को परंपरागत व अत्याधुनिक स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल लुभा रहे हैं।

स्टाल को लेकर उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि हफ्ते भर पहले ही महाराष्ट्र मंडल में मराठी मेले के स्टाल की बुकिंग शुरू होने के कुछ घंटों में खत्म हो गई। वैसे भी विविध उपयोगी सामग्रियों के स्टाल दो केटेगरी एसी वाले डायनिग हॉल एरिया में और नान एसी वाले स्टाल लॉन एरिया में लगाए गए हैं। इन स्टाल्स की विशेषता यही है कि यहां रेडिमेड नौवारी साड़ी लगभग हर राज्यों के पारंपरिक परिधान से लेकर ऐसे बहुत डिजाइनर वस्त्र उपलब्ध हैं, जो रायपुर के बाजारों में आसानी से उपलब्ध नहीं है।

मेस प्रभारी चेतन दंडवते ने बताया कि झुनका- भाकर, वड़ा-पाव जैसी कई परंपरागत मराठी नाश्ते के साथ यहां दीपावली के व्यंजनों ने मराठी मेले में आए लोगों को खासा प्रभावित किया है। यही नहीं जनरल और स्पेशल नाश्ते की व्यवस्था भी स्टाल्स में है। इसके अलावा मिलेट्स आइटम ग्राहकों को लुभा रहे हैं। इधर बच्चों के लिए मनोरंजक गेम्स के स्टाल भी लगाए गए हैं। मिकी माउस, जंपिंग जैक में बच्चे खूब उछलकूद कर रहे हैं। साथ ही मराठी मेले में तीनों दिन नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर की विशेष व्यवस्था की गई है। इनमें एलोपैथिक, होमियोपैथी और आयुर्वेदिक विधा की मुफ्त जांच व परामर्श देने की प्रक्रिया जारी हैं।

आकर्षित कर रही रंगोली
नृत्य- कला- क्राफ्ट समिति के पुरुष प्रभारी शेखर क्षीरसागर के साथ महिला प्रभारी अनिता लांगे, सोनाली कुलकुर्णी और श्रेया टल्लू की टीम ने कई घंटों की मेहतन के बाद आठ बाय आठ फीट की बेहद खूबसूरत रंगोली बनाई। महाराष्ट्र मंडल के 91 वर्ष पूरे होने से लेकर मराठी सोहळा तक का संदेश देती यह चटख रंगों वाली रंगोली मुख्य लॉबी में पहुंच रहे हर कला प्रेमी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
क्यूपिड बो और नाक के बीच में पेंसिल दबाकर लगाई दौड़
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित मराठी सोहळा में हर आयु वर्ग के लिए कई रोचक गेम्स रखे गए थे। जिसे सभी ने खूब एजाय किया। सोहळा के पहले दिन क्यूपिड बो और नाक के बीच में पेंसिल दबाकर दौड़ लगाने की स्पर्धा में सभी में खासा उत्साह दिखा। चूंकि निर्धारित एक मिनट में प्रतिभागियों को क्यूपिड बो और नाक के बीच में पेंसिल दबाकर दौड़ लगानी थी और उस पेंसिल को बोतल के अंदर डालना भी था। इस स्पर्धा में महिला और पुरुषों दोनों में उत्साह देखा गया। बड़ी मूंछ वाले पुरुषों को जीतने के मशक्कत करते देखा गया।

आध्यात्मिक समिति की समन्वयक सृष्टि दंडवते ने बताया कि सभी खेलों में सभी वर्ग ने खूब मजा लिया। महिला वर्ग के लिए आयोजित बॉटल पेंसिल गेम यानी क्यूपिड बो और नाक के बीच में पेंसिल दबाकर दौड़ लगाने वाले गेम में कल्याणी शेटे प्रथम, द्वितीय माधुरी गाडगिल और तीसरे स्थान पर हार्दिका बोबड़े रही। वहीं पुरुष वर्ग में प्रवीण क्षीरसागर प्रथम, प्रेम उपवंशी द्वितीय और दीपक पात्रीकर तीसरे स्थान पर रहे।
सृष्टि दंडवते ने आगे बताया कि इसी तरह नींबू चम्मच रेस में प्रथम मोनिका, द्वितीय हार्दिका बोबड़े और तृतीय डा. सुचिता देशमुख रहीं। वहीं बच्चों के लिए आयोजित नींबू चम्मच रेस में प्रथम अन्वी राऊत, द्वितीय दक्षा टेम्बे और तृतीय स्थान पर संयुक्त रुप से अनुष्का अग्रवाल और अंशुमन अग्रवाल रहे।
समाजसेवी अग्रवाल दंपती ने हाईटेक आंगनबाड़ी को दिए किड्स चेयर्स
- महाराष्ट्र मंडल के सेवाभावी कार्यों की जमकर की प्रशंसा, नौनिहालों के साथ बिताया क्वालिटी टाइम
रायपुर। हाईटेक आंगनबाड़ी में नौनिहालों की सुविधा बढ़ाने के लिए समाजसेवी पवन अग्रवाल और स्वपना अग्रवाल ने किड्स चेयर्स दी हैं। नगर निगम द्वारा निर्मित राजधानी के पहले महतारी सदन में महाराष्ट्र मंडल की ओर संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल) में इस समय 60 बच्चे आते हैं, जिन्हें खूब सारे खेल- खिलौनों के बीच प्रार्थना से लेकर अल्फाबेट, अक्षर और अंक ज्ञान जैसी बुनियादी शिक्षा का अभ्यास कराया जाता है।
इन बच्चों के बीच समाजसेवियों पवन व स्वपना ने अपना महत्वपूर्ण समय बिताया और कहा कि भविष्य में भी वे यहां आकर बच्चों के बीच रहना पसंद करेंगे। साथ ही इन बच्चों की सुविधाएं बढ़ाने की दृष्टि से यथासंभव जो भी जरूरी होगा, वे नि:स्वार्थ भाव से करेंगे। उन्होंने महाराष्ट्र मंडल प्रकल्पों के तमाम सर्वसमाज हिताय कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि इस संस्था को वे लंबे अरसे से जानते हैं और इसके कार्यों से वे प्रभावित भी हैं।
श्री शिवम इंटरप्राइजेस की संचालक पवन व स्वपना अग्रवाल को प्रमुख समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने महाराष्ट्र मंडल के प्रकल्पों की जानकारी दी। हाईटेक आंगनबाड़ी प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख व शिक्षिका मेघा पोतदार ने दोनों अतिथियों को हाईटेक आंगनबाड़ी भवन दिखाकर पूरी जानकारी दी और यहां आने वाले बच्चों के निम्न आयवर्ग परिवारों के बारे में भी बताया। दिव्यांग बालिका विकास गृह प्रभारी मालती मिश्रा, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, शचिंद्र देशमुख सहित आंगनबाड़ी का समूचा स्टाफ इस मौके पर उपस्थित रहा।
शंखनाद से हुआ मराठी सोहळा के द्वितीय दिवस का शुभारंभ
- बच्चों और बड़ों के लिए विविध खेलों का हुआ आय़ोजन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित तीन दिवसीय मराठी सोहळा के द्वितीय दिवस का शुभारंभ शंखनाद प्रतियोगिता के साथ हुई। महिला सभासदों ने उत्साह के साथ शंखनाद किया। सबसे अधिक समय तक शंखनाद कर आशिता भिते प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं अनिता लांगे ने द्वितीय और मेघा पोद्दार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संस्कृति समिति की प्रमुख गौरी क्षीरसागर ने बताया कि मराठी सोहळा के दूसरे दिन सुबह 10.30 बजे से बच्चों और महिलाओं के लिए विविध खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत शंखनाद के साथ की गई। शंखनाद की ध्वनि से ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो चारों ओर सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा हो। वहीं इसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं शंखनाद के उपरांत महाराष्ट्र मंडल द्वारा हर शनिवार को होने वाला हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

गौरी क्षीरसागर ने आगे बताया कि इसी तरह ‘टप्पा बाल’ और ‘करें कोई-भरे कोई’ खेल का आयोजन किया गया। जिसमें ‘करें कोई-भरे कोई’ में आशिता भिते प्रथम, डा. शुचिता देशमुख द्वितीय और मीनाक्षी पिंपळापुरे तीसरे स्थान पर रही। इसके साथ ‘टप्पा बाल’ में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। ‘टप्पा बाल’ में सबसे अधिक 130 अंक के साथ दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी मालती मिश्रा प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं 124 अंक के साथ सुरेखा पाटिल और अंजली काले संयुक्त रुप से द्वितीय स्थान पर रही। वहीं बच्चों के लिए आयोजित ‘टप्पा बाल’ में अनुष्का अग्रवाल प्रथम, कान्हा नागदेव द्वितीय और अन्वी राऊत तीसरे स्थान पर रही।
रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मराठी मेला शुरू
- महाराष्ट्र मंडल का साथ मिले, तो लोककला की नई प्रतिभाओं को मिलेंगे अवसर: आस्था
अभिनव वाचन स्पर्धा में महाराष्ट्र मंडल के मुकुंद व मंजूषा शिलेदार प्रथम
रायपुर। मध्य प्रदेश मराठी अकादमी की अभिनव मराठी पुस्तक वाचन स्पर्धा में महाराष्ट्र मंडल रायपुर के प्रतिभागियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। वरिष्ठ ग्रुप में 90 प्रतिशत अंकों के साथ मुकुंद शिलेदार और उनकी पुत्र वधू मंजूषा शिलेदार संयुक्त रूप से विजेता रहे। स्मिता चांदे उप विजेता रहीं। इस स्पर्धा में 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
महाराष्ट्र मंडल की 91वीं वर्षगांठ पर मराठी मेला 23 अक्टूबर से
रायपुर। 91वीं वर्षगांठ पर महाराष्ट्र मंडल तीन दिवसीय मराठी सोहळा (मेला) का भव्य शुभारंभ शुक्रवार 23 अक्टूबर को दोपहर 03:30 बजे किया जाएगा। मराठी मेले के पहले ही दिन रात 08:30 बजे पद्मश्री नाना पाटेकर पर आधारित विशेष कार्यक्रम ‘कुछ यादें, कुछ संवाद’ विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।