दिव्य महाराष्ट्र मंडल

बच्चों ने बनाई ओरिगामी बर्ड और गुड़िया

- संत ज्ञानेश्वर में चल रहे समर कैंप आर्ट एंड क्राफ्ट में बच्चों की रूचि अधिक

रायपुर। कागज से कलाकृतियां बनाने की कला (Paper Art) मुख्य रूप से प्राचीन चीन और जापान की मानी जाती है। इसे ओरिगामी (Origami) के रूप में जाना जाता है, जो कागज़ मोड़ने की एक प्रसिद्ध जापानी तकनीक है। इस तकनीक का उपयोग कर संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में चल रहे समर कैंप में पहुंचे बच्चों ने सुंदर चिड़ियों और गुड़ियों का आकार दिया। रंग बिरंगी चिड़िया बनाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखी गई।

समर कैंप प्रभारी अपर्णा आठले ने बताया कि 10 दिवसीय शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे आ रहे है। कैंप के आठवें दिन शनिवार 25 अप्रैल को शाला की आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका सुदेवी विश्वास ने बच्चों को इसी जापानी ओरिगामी आर्ट से सुंदर बर्ड और गुड़िया बनाना सिखाया। रंग बिरंगे कागज पर बच्चों ने सुंदर-सुंदर बर्ड बनाए।

सुदेवी विश्वास ने बताया कि ओरिगामी कला कागज को बिना काटे या चिपकाए केवल मोड़कर सुंदर आकृतियां बनाने की कला है। वहीं पेपर क्विलिंग कागज़ के पतले टुकड़ों को मोड़कर, रोल करके और चिपकाकर सजावटी कलाकृतियां बनाने की तकनीक है।  

 

आसान चिड़िया बनाने की चरण-दर-चरण प्रक्रिया:

चौकोर कागज लें: एक वर्गाकार (Square) रंगीन कागज का उपयोग करें।

तिकोना मोड़ें: कागज को तिरछा (diagonally) मोड़कर त्रिकोण बनाएं और फिर खोलें।

बेस बनाएं: दोनों तरफ के कोनों को केंद्र की रेखा की ओर मोड़ें।

पंख बनाएं: ऊपरी किनारों को नीचे की ओर मोड़ें ताकि पंख बन जाएं।

सिर और पूंछ: कागज़ को आधा मोड़ें, फिर गर्दन को ऊपर उठाएं और चोंच के लिए एक कोना मोड़ें।

अंतिम आकार: अपनी उंगलियों से चिड़िया को थोड़ा समायोजित (adjust) करें।