दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में गणेशोत्‍सव की महाआरती में शामिल हो सकते हैं सीएम साय

- मुख्‍यमंत्री विष्‍णु देव ने अध्‍यक्ष काले, सच्चिदानंद उपासने, सहित प्रतिनिधियों से विभिन्‍न विषयों, मांगों व सुझावों पर की लंबी चर्चा

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के 91 वर्षों के ऐतिहासिक व गौरवशाली 10 दिवसीय गणेशोत्‍सव में से किसी एक दिन मुख्‍यमंत्री विष्‍णु देव साय ने महाआरती में शामिल होने के मंडल के आमंत्रण पर हामी भरी है। सीएम ने कहा कि जल्‍दी ही वे किस दिन मंडल के गणेशोत्‍सव की महाआरती में शामिल होंगे, ऑफिस की ओर से सूचित किया जाएगा। वहीं विभिन्‍न मांगों, सुझावों व विषयों पर हुई बातचीत में भी सीएम साय काफी सकारात्‍मक रहे।

अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्‍यक्ष गीता दलाल, सह सचिव मालती मिश्रा कार्यकारिणी सदस्‍य प्रवीण क्षीरसागर सहित वरिष्‍ठ सभासद सच्चिदानंद उपासने ने मुख्‍यमंत्री साय ने सीएम हाउस पर लंबी बातचीत की। मंडल अध्‍यक्ष काले ने अपनी चिरपरिचित मांगों अटल नगर (नवा रायपुर) में गुरुकल, गौ शाला और राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के संस्‍थापक केशव बलिराम हेडगेवार का संग्रहालय बनाने के लिए पांच एकड़ भूखंड देने की मांग की। इस पर मुख्‍यमंत्री ने शासकीय स्‍तर पर भूखंड स्‍वीकृत कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

काले ने स्‍वातंत्र्य वीर दामोदर विनायक सावरकर की भारत के स्‍वराज आंदोलन में कितनी प्रभावी भूमिका थी, यही बताने- समझाने के लिए 200 युवाओं की टीम को प्रत्‍येक दो माह में अंडमान स्थित सेल्‍यूलर जेल की यात्रा कराने की मांग की। साय ने कहा कि उनकी मांग पर प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। बताते चलें कि महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से इस आशय की मांग मुख्‍यमंत्री साय सहित विभिन्‍न जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों से कई अवसरों व समारोहों में की जा चुकी है।  

रजनी ताई की स्‍मृति की महिला सशक्तिकरण सम्‍मान

गीता दलाल ने बताया कि काले के साथ सच्चिदानंद उपासने ने भी महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से मांग की कि राज्‍योत्‍सव में छत्‍तीसगढ़ की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने की स्‍मृति में महिला सशक्तिकरण सम्‍मान शुरू किया जाए और अपने जीवन काल में विभिन्‍न क्षेत्रों में अभूतपूर्व और प्रेरक काम करने वाली महिलाओं को यह सम्‍मान दिया जाए। साय ने इस मांग पर भी गौर करने की बात कही।