इंदौर से थिनर गोदाम में भीषण आग.... दीए से उठी चिंगारी ने लिया भयावह रूप, हादसे में दो की मौत
डेस्क। इंदौर के आरआर कैट रोड स्थित एक थिनर (केमिकल) गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम भैयालाल मुकाती का है, जिसे व्यापारी सूरज वाधवानी ने किराए पर ले रखा था। वाधवानी विभिन्न पेंट कंपनियों को थिनर सप्लाई करता है। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील रसायन रखे थे, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। DCP जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह दीए से उठी चिंगारी बताई जा रही है। देवउठनी एकादशी के मौके पर महिलाओं ने गोदाम में दीए जलाए थे। तभी एक महिला की साड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की लपटों में समा गया।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान रामकली अहिरवार (सागर) और ज्योति मनोज (द्वारकापुरी) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं अपने जीवनयापन के लिए गोदाम में कार्यरत थीं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और SDRF की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छाया हुआ था।
आसपास के लोगों ने बताया कि जब दुर्घटना हुई तो कई परिवार अपने परिजनों को खोजते हुए बाहर भटकते रहे। जब मलबे से दोनों महिलाओं के शव निकाले गए, तो मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह गोदाम बना है, वह व्यावसायिक क्षेत्र में आता है और करीब 5 हजार वर्गफुट में फैला हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से हादसे की जांच कर रही है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और धार्मिक अवसरों पर लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है, खासकर उन जगहों पर जहां ज्वलनशील पदार्थ रखे हों।