देश-विदेश

बागेश्वर: महिला को मौत के घाट उतारने वाला गुलदार आखिरकार पिंजड़े में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बागेश्वर। छाती-मनकोट क्षेत्र में बीते कई दिनों से दहशत का पर्याय बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजड़े में कैद हो गया। महिला पर हमले के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल था, लेकिन रविवार तड़के करीब चार बजे गुलदार के पकड़े जाने के साथ ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
 
वन रेंज क्षेत्र के अंतर्गत छाती-मनकोट के जंगल में लगाए गए पिंजड़े में गुलदार फंसा। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित रूप से रेंज कार्यालय लाया गया। यहां पशु चिकित्सक डॉ. गौरव कोहली द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में गुलदार पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे अल्मोड़ा चिड़ियाघर भेज दिया गया है।
 
गौरतलब है कि 7 जनवरी को छाती-मनकोट गांव की निवासी 62 वर्षीय देवकी देवी पानी लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात उनका शव मालता के जंगल में मिला था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे थे।
 
घटना के बाद से वन विभाग की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही थी। गुलदार को पकड़ने के लिए तीन पिंजड़े लगाए गए थे और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आखिरकार रविवार तड़के गुलदार पिंजड़े में कैद हो गया।
 
गुलदार को पकड़ने के लिए रेंजर केलवानंद पांडे के नेतृत्व में चंदन सिंह टंगड़िया, वन दरोगा तारा सिंह फर्स्वाण, वन आरक्षी किशोर चंद्र, सुधीर कुमार, चंदन राम सहित पूरी टीम ने कड़ाके की ठंड में पूरी रात सर्च अभियान चलाया और क्षेत्र में कड़ा पहरा बनाए रखा।
 
रेंजर केलवानंद पांडे ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार करीब 13 वर्ष का नर है और वह पहले भी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुका था। ग्राम प्रधान आरे गांव दीपक खेतवाल ने बताया कि जिस स्थान पर देवकी देवी का शव मिला था, वहां घटना के बाद गुलदार को खड़ा देखा गया था, जिसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई थी।
 
प्रभारी डीएफओ बागेश्वर दीपक सिंह ने बताया कि छाती-मनकोट क्षेत्र में रविवार सुबह चार बजे गुलदार को पिंजड़े में कैद किया गया है। गुलदार पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अल्मोड़ा चिड़ियाघर भेज दिया गया है। गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्र में लंबे समय से बना डर का माहौल अब खत्म हो गया है।

 

----------