शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.29 करोड़ की ठगी.. 6 साइबर ठगों को दुर्ग पुलिस ने मध्य प्रदेश से किया गिरफ्तार
रायपुर। दुर्ग जिले में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.29 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस और साइबर टीम ने 6 आरोपियों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी भोले-भाले लोगों को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर मुनाफे का लालच देकर अपने झांसे में लेते थे और फिर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि दुर्ग के पद्मनाभपुर में एक व्यक्ति से 1 करोड़ 29 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया था। टीम ने प्रार्थी से पूरी जानकारी एकत्रित कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के झांसी शहर में रहकर अपराध को अंजाम दिया है और पैसों का आहरण एक खाता से दूसरे खाता में ट्रांसफर कर मध्य प्रदेश के छत्तरपुर, ग्वालियर, राजनगर, भोपाल, झांसी (उ.प्र.) से एटीएम के माध्यम से निकाल रहे हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने झांसी पहुंचकर आरोपियों की पतासाजी उनके उपस्थिति के आधार पर कर रही थी। इसी दौरान झांसी स्थित सर्व नगर में चावड़ा बिल्डर्स के अपार्टमेन्ट में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की उपस्थिति का होना पता चला। मोबाइल नम्बरों के लोकेशन के आधार पर चावड़ा बिल्डर्स के तीसरे मंजिर के अपार्टमेंट में दबिश दी गई, जहां 6 आरोपी पकड़े गए।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 17 नग मोबाइल फोन और उसमें लगे सिम कार्ड, अलग से 19 नग विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, 13 नग मोबाइल फोन चार्जर, विभिन्न बैंकों के 9 नग एटीएम कार्ड, 1 नग पास बुक, वोटर आईडी कार्ड, पेन कार्ड, ठगी की रकम से खरीदे गए वाहन क्रमांक MP 09 WM 6238 रेनो ट्रिबर, वाहन क्रमांक UP 93 CC 0806 महिंद्रा एक्सयूवी 300 मय कागजात, सोने के आभूषण, नकदी 17500 रुपये बरामद किया गया है। फरार आरोपियों जितेंद्र सिंह परमार और यशवर्धन सिंह परमार की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आकाश चौहान उर्फ लक्की, अमित यादव, दिग्विजय सिंह बुंदेला, शिवम यादव, बाबू रैकबार और गौरव सिंह परमार को गिरफ्तार किया है।