दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में मराठी सामूहिक उपनयन संस्कार मंगलवार 16 जून को

रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में मंगलवार, 16 जून को सुबह 8:00 बजे से मराठी भाषी सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया है। मंडल के सचिव व आचार्य चेतन गोविंद दंडवते के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में रायपुर के अलावा मध्य प्रदेश के युवा भी शामिल होंगे। यह संस्था के आयोजन का 25वां वर्ष है।

आचार्य दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्र संस्कार केंद्र और महाराष्ट्र  मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उपनयन संस्कार के लिए पंजीयन प्रारंभ कर दिया गया है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रायपुर के अलावा अन्य जिलों से भी लोगों द्वारा पंजीयन कराया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य न्यूनतम खर्च पर श्रेष्ठतम सुविधाओं के साथ सामूहिक उपनयन संस्कार करना है। इस आयोजन में बाहर से आने वाले अतिथियों का महाराष्ट्र मंडल से परिचय तो होगा ही, साथ ही महाराष्ट्र भवन की भव्यता, देखने का अवसर भी मिलेगा। आयोजन में बाहर से आने वाले मेहमानों के सामने महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्रियन संस्कार केंद्र की एकजुटता भी परिलक्षित होती है। 

दंडवते के अनुसार महाराष्ट्रियन संस्कार केंद्र की ओर से महाराष्ट्र मंडल के साथ मिलकर यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इसके अलावा भी सामूहिक मंगलागौर पूजा, मराठी वर- वधू परिचय सम्मेलन, महा शिवरात्रि पर्व पर सामूहिक लघु रुद्राभिषेक जैसे आयोजन कर समाज को एकजुट करने के जतन किए जाते हैं।