'नो सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान' शुरू करेगा महाराष्ट्र मंडळ का अवंति विहार केंद्र
2023-07-31 09:59 AM
1208
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के अवंति विहार केंद्र की महिला सदस्यों ने 'नो सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान' शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी इस केंद्र की महिलाएं संयोजिका नीता भंडारकर के नेतृत्व में यह अभियान चला चुकीं हैं और चिल्लर सब्जी विक्रेताओं और खरीददारों को कपड़े की थैली बांटकर उन्हें जागरूक भी कर चुकी हैं।
अवंति विहार केंद्र की शनिवार को हुई मासिक बैठक में निर्णय लिया गया कि सब्जी बेचने विक्रेताओं से प्लास्टिक की थैलियां या पॉलिथीन का उपयोग न करने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों को नि:शुल्क कपड़े की थैलियां वितरित कर घर से ही खरीदारी के लिए थैली लेकर चलने की अपील की जाएगी।
बैठक में महिलाओं के बीच सोलह सिंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें श्वेता गनोड़कर प्रथम, गीता दलाल द्वितीय और अनुजा तृतीय रहीं। बैठक में ही जागृती भाकरे नई संयोजिक बनाई गईं। उनका साथ देने के लिए अनघा आस्वले, सुदेशना मेने, प्राची अनर्थ, शरयू तांबोली सह संयोजिका होंगी। अवंती विहार केंद्र की पूर्व संयोजिका नीता भंडारकर ने अपनी टीम के साथ नई संयोजिका जागृति भाकरे और उनकी टीम को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया की अवंति विहार केंद्र के सेवाभावी कार्य महाराष्ट्र मंडल को और लोकप्रिय व विश्वसनीय बनाएंगे।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि बैठक में यह भी तय किया गया कि अवंति विहार केंद्र की महिलाएं अतिशीघ्र शंकर नगर-देवेंद्र नगर केंद्र के साथ मिलकर तीज महोत्सव को भव्य पैमाने पर मनाने की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगी।