रायपुर
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने पटवारियों से की बात : राजस्व पखवाड़े के लिए सरकार गंभीर
रायपुर | एक तरफ साय सरकार आज से राजस्व पखवाड़ा आयोजित करने जा रही है, वहीं दूसरी ओर पटवारी दो दिन बाद से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे रहे हैं | पटवारियों के हड़ताल को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि पटवारी से हमारी बात हुई है | उनसे कहा कि सबके हित में है कि आप लोग हड़ताल पर मत जाइए |
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि सारंगढ़ में जिस पटवारी को निलंबित किया गया था, उसको बहाल करने की मांग की जा रही है | हमने इस विषय को देखा है, मैने पेपर भी निकलवाया है, पटवारी की गलती निकाली है | पटवारी संघ अध्यक्ष को बोला है कि बिना वजह आप लोग मामले को तुल दे रहे हो. निलंबित सीमित समय के लिए होता है |
मंत्री टंकराम वर्मा ने राजस्व पखवाड़े के संबंध में कहा कि लंबित प्रकरणों के निपटारे के लिए राजस्व पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है | बलौदाबाजार से शुरू हुआ यह पखवाड़ा शेष सभी 32 जिलों में 15 दिन चलेगा | इसमें किसानों की जमीन संबंधी समस्या का समाधान होगा, जिसमें जमीनों के नक्शा, खसरा, बटांकन संबंधी विवादों का निराकरण किया जाएगा |
मंत्री ने बताया कि राजस्व रिकार्ड दुरुस्त करने भुंइया सॉफ्टवेयर में संशोधन किया जा रहा है | जिले में एक-एक प्रोग्रामर बिठाया जा रहा है | वर्षा को देखते हुए आपदा प्रबंधन के किए 143 करोड़ रुपया भेजा गया है | डूबने से मृत्यु, राहत बचाव, अन्य शिविर सहित कामों में राशि का उपयोग किया जाएगा |
प्रदेश स्तरीय कृषि सहकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ
रायपुर | सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी समितियों के सशक्तिकरण से किसानों सहित गांव, प्रदेश और देश की समृद्धि जु़ड़ी हुई है। सबकी सहभागिता से सबका विकास ही सहकारिता का मूल उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गांव, गरीब और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ को साकार करने का आव्हान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली हमारी सरकार का ध्येय वाक्य भी ‘‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास‘‘ है और इसी ध्येय वाक्य को लेकर हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। उन्होंने सहकारी समिति से जुड़े लोगों से कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में हमारा काम जमीनी स्तर पर दिखनी चाहिए। सबकी सहभागिता और सहयोग से ही हम आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकेंगे।
मंत्री कश्यप ने कहा कि धरती मां को हम वसुंधरा के नाम से भी जानते हैं। इस वसुंधरा की हम पूजा करने वाले लोग हैं। जहां भी हल चलाकर हम बीज बो देते हैं। वसुंधरा हमें जीवकोपार्जन के लिए कई गुना अनाज देती है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति केवल धान, बीज खरीदी और बिक्री का केन्द्र नहीं, बल्कि इसे मल्टी एक्टिविटिज तथा कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने प्रदेश के किसानों से एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। हमारी सरकार ने इन वादों के मुताबिक 3100 सौ रूपए प्रति क्विंटल के मान से राज्य के लगभग 25 लाख किसानों से 145 लाख मेट्रिक टन धान खरीदने का काम किया।
उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति हमारी प्राथमिकता में है। किसानों के प्रारंभिक जरूरतों को पूरा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक साढ़े 5 हजार करोड़ रूपए ऋण वितरण किए जा चुके हैं। इस खरीफ सीजन में 7 हजार 300 करोड़ रूपए का ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
सहकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से आमजनों को अधिक से अधिक लाभ मिल रहा है। लोगों में आपसी समन्वय और सहयोग की भावना विकसित होने से विकास का नया रास्ता खुला है। सहकारी समिति किसानों को आर्थिक मदद करने का एक नया जरिया बना है। उन्होंने संस्कर से सहकार और सहकार से समृद्धि की परिकल्पना को साकार करने लोगों से अपील की।
कार्यक्रम को विधायक अनुज शर्मा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल सहित सहकार भारती के पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया। अंतर्राष्ट्रीय सहकार दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन सहकार भारती संगठन के तत्वाधान में राजधानी रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय जोरा के कृषि मंडपम् सभा हॉल में किया गया। इस अवसर पर सहकारी समितियों से जुड़े किसान, समितियों के पदाधिकारी-कर्मचारी और ड्रोन दीदी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस मौके पर किसानों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया।
देश की पहली यूथ असेंबली राजधानी रायपुर में... विधानसभा में पहली बार युवाओं ने रखी अपनी मन की बात
रायपुर। नेहरू युवा केन्द्र संगठन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय यूथ असेंबली फॉर क्लाइमिट चेंज का आयोजन विधानसभा, छत्तीसगढ़ रायपुर में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम जलवायु परिवर्तन में युवाओं की भूमिका पर आधारित था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह व विशिष्ट अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप रहे। कार्यक्रम मे यूनिसेफ़ के चेफ विलियम जूनियर भी उपस्थित थे।
श्रीकांत पांडे, राज्य निदेशक, नेहरू युवा केंद्र संगठन, छत्तीसगढ़ ने बताया कि यह देश की पहली यूथ असेंबली का आयोजन विधानसभा में किया गया। 'क्लाइमेट चेंज फॉर यूथ' की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 146 ब्लाकों से लगभग 200 युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। युवा असेंबली में 16 युवा विधायकों ने जलवायु परिवर्तन की समस्या पर अपने विचार रखें। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना था तथा युवाओं में राजनीतिक समझ को विकसित करना था।
यूथ असेंबली का प्रारंभ युवा विधानसभा युवा अध्यक्ष देवाशीष पटेल के अभिभाषण से प्रारंभ हुआ। अभिभाषण में उन्होंने कहा कि यह सदन छत्तीसगढ़ महतारी के समृद्धि एवं विकास का सदन है, यह सदन छत्तीसगढ़ के नागरिकों के विचार, अभिव्यक्ति और उपासना को सुनिश्चित करती है। उन्होंने यूथ असेंबली के विषय क्लाइमेट चेंज का वर्णन करते हुए कहा कि हम अपनी वसुधा का कल्याण कभी न भूलें।
तत्पश्चात जनरल सेक्रेटरी द्वारा नवनिर्वाचित युवा विधायकों को शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत प्रश्नकाल प्रारंभ हुआ। युवा विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं के साथ-साथ जलवायु में हो रहे परिवर्तनों को लेकर प्रश्न उठाए। सर्वप्रथम उत्तर बस्तर कांकेर के युवा विधायक हर्ष कुमार डोंगरे ने हसदेव जंगल के मुद्दे को सदन में उठाते हुए कहा कि हसदेव जंगल में लगभग 98 हजार वृक्ष काटे जा चुके हैं, डोंगरे ने आंकड़े बताते हुए सत्ता पक्ष के मंत्री से पूछा कि इन वृक्षों की पूर्ति कैसे होगी।
इसके उत्तर में मंत्री मानसी चंद्रवंशी ने बताया कि संगठन में शक्ति होती है, यदि हम सभी प्रदेशवासी प्रतिवर्ष एक एक वृक्ष लगाएं तो कटे वृक्षों से ज्यादा वृक्ष लगाए जा सकते हैं। अगले प्रश्न के रूप में रायगढ़ से युवा विधायक नवीन कुमार दुबे ने सत्ता पक्ष से प्रदूषण के मामले में ध्यान देने हेतु आग्रह किया जिसके उत्तर में मंत्री ने भारतीय संविधान के अनुच्छेदों का वर्णन किया। इसी प्रकार धमतरी जिले के सिहावा विधानसभा क्षेत्र से युवा विधायक गुलाब सिंह वर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में जल प्रदूषण से संबंधित प्रश्न पूछे। इनके अलावा अन्य विधायकों ने मृदा प्रदूषण, उद्योगों से होने वाले प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण के मामले में युवाओं की भूमिका से संबंधित प्रश्न पूछे। संबंधित विभाग के मंत्रियों ने अपने - अपने अनुसार उत्तर दिए। इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष के आदेशानुसार सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई।
यूनिसेफ चीफ, विलियम जूनियर ने बताया की नेहरू युवा केंद्र संगठन छत्तीसगढ़ एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में युवा गोठ कार्यक्रम की पहल बहुत ही प्रेरणार्तक है जिससे युवाओं में एक नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए युवाओं की भूमिका अति महत्वपूर्ण है साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए महिलाओं की भूमिका बोहोत ही महत्वपूर्ण है। समुदाय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं व युवतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
वन मंत्री केदार कश्यप के द्वारा लगातार हो रहे जलवायु परिवर्तन के रोकथाम जो उनके सरकार द्वारा किया गया उसके बारे में बहुत ही विस्तार पूर्वक बताया गया। उन्होंने बताया की प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी जी के विशेष कार्यक्रम “एक पेड़ – माँ के नाम” के अंतर्गत सभी से आग्रह करते हुए कहा की हमारे छत्तीसगढ़ को बेहतर बनाने के लिए वृक्ष रोपण हमारे लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने बताया की पीने लायक पानी जो कि 0.5 % है वह भी लगातार मानव द्वारा दूषित किया जा रहा है। मौसम के संतुलन मे लगातार गिरावट के कारण तापमान मे बदलाव देखने को मिलेगा। इसलिए भूजल, नदियां व अन्य जल स्रोत को बचाने के लिए युवाओं को प्रयान्त करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे बताया की सौर्य ऊर्जा के उपयोग को आम जन तक पहुंचाने मे युवाओं की सक्रियता जरूरी है। अंत मे अर्पित तिवारी, ज़िला युवा अधिकारी, रायपुर द्वारा सभी को ध्यानवाद ज्ञापित किया गया।
पर्यावरण चैम्पियन – युवाओं का हुआ सम्मान
प्रदेश के 16 जिले – रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरबा, कोरिया, चांपा, राजनंदगांव, कंकेर, दाँतेवाड़ा, बस्तर, महासमुंद, बिलासपुर, कवर्धा, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा के युवाओं का सामुदायिक विकास व पर्यावरण के क्षेत्र मे पर्यावरण के क्षेत्र मे उत्तकृष्ट कार्य करने वाले युवा चैंपियंस का डॉ रमन सिंह द्वारा सम्मान किया गया।
नेहरू युवा केंद्र के ज़िला अधिकारियों का सम्मान
जिले मे उत्तकृष्ट कार्य करने पर अर्पित तिवारी, ज़िला युवा अधिकारी, रायपुर व नितिन शर्मा, ज़िला युवा अधिकारी, दुर्ग को सम्मानित किया गया है।
युवा गोठ वीडिओ का विमोचन
नेहरू युवा केंद्र संगठन के उत्कृष्ट युवा मंडलों द्वारा सामुदायिक विकास के लिए किए गए कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए एवं लाखों युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए वीडिओ बनाया गया। यह वीडिओ युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत के साथ साथ प्रशिक्षण के लिए भी उपयुक्त है।
बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण : मंत्री रामविचार नेताम
कृषि मंत्री जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में हुए शामिल
रायपुर | कृषि मंत्री रामविचार नेताम बलरामपुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। शाला प्रवेश उत्सव बलरामपुर के स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में आयोजित की गई थी। मंत्री नेताम द्वारा इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, स्कूल बैग एवं गणवेश प्रदान कर शाला प्रवेश कराया गया। साथ ही कक्षा 9वीं में प्रवेशित छात्राओं को सरस्वती सायकल योजनान्तर्गत सायकल प्रदान किया गया। इसी प्रकार 10वीं एवं 12वीं कक्षा के राज्य स्तरीय टॉपर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप तथा जिला स्तर पर 10वीं एवं 12वीं में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सामरी विधायक श्रीमती उधेश्वरी पैकरा विशेष रूप से उपस्थित थी।
जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में कृषि मंत्री नेताम ने कहा कि बच्चों के नौनिहाल बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों की महत्वूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए उन्हें पढ़ने-लिखने के लिए प्रोत्साहित करें। यह एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसमें नवप्रवेशी स्कूली बच्चे, अभिभावक तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार विगत 26 जून 2024 से ही शाला प्रारंभ हो चुकी हैं तथा संकुल स्तर पर शाला प्रवेश उत्सव प्रारंभ है।
नेताम ने कहा कि पहले बच्चे स्कूल जाने से डरते थे, परन्तु अब स्कूलों को आकर्षक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो रहा है, जिसके कारण अब बच्चे स्वयं से स्कूल आना प्रारंभ कर दिये हैं। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नियमित रूप से अपने बच्चों को स्कूल भेजें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि ऐसे बच्चे जो प्रवेश से छुटे हुए हैं, उन समस्त बच्चों को नजदीकी विद्यालय में प्रवेश कराने की जिम्मेदारी लें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेताम, कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रेना जमील, जनपद पंचायत सदस्य भानु प्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात शिक्षा विभाग द्वारा न्योता भोज का आयोजन किया गया। न्योता भोज में प्रदेश के आदिम जाति कल्याण व कृषि विभाग के मंत्री रामविचार नेताम, सामरी विधायक उधेश्वरी पैकरा, क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रिमिजीयूस एक्का, वरिष्ठ पुलिश अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जमीन पर बच्चों के साथ बैठकर न्योता भोजन किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ‘ये शाम डॉक्टर्स के जज्बे के नाम’ कार्यक्रम में हुए शामिल
शहर के 35 चिकित्सा विशेषज्ञों और डॉक्टरों का किया सम्मान
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम में मौजूदगी मेरे लिए गौरव का क्षण है। राज्य में मैं जिस विभाग का प्रभार संभाल रहा हूं, उसके कर्णधारों के सम्मान के लिए यह कार्यक्रम आयोजित है। प्रदेश में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जा रहा है। जिस समय छत्तीसगढ़ राज्य बना, उस समय यहां मात्र एक ही मेडिकल कॉलेज था। आज प्रदेश में एम्स सहित 11 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि आयुष्मान कॉर्ड के जरिए लोगों को हर साल पांच लाख रुपए तक की चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराई जा रही है। इसमें सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी क्षेत्र के अस्पतालों का भी सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम में माई एफएम के क्षेत्रीय बिजनेस प्रमुख शाजी मुकुल के साथ ही आयोजन में सहयोगी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अनेक डॉक्टर सपरिवार मौजूद थे
मुख्यमंत्री बने शिक्षक और बच्चों को बताया आदर्श विद्यार्थी में होने चाहिए कौन से पांच गुण
रायपुर | बगिया में राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शिक्षक की भूमिका में दिखे। वे बगिया मिडिल स्कूल के बच्चों के बीच क्लास में पहुंचे। पढ़ाई लिखाई की बातों के बीच उन्होंने संस्कृत के श्लोक- ‘‘काक चेष्टा बको ध्यानं, श्वान निद्रा तथैव च। अल्पहारी गृह त्यागी, विद्यार्थी पंचलक्षणं‘‘ के माध्यम से बताया कि एक आदर्श विद्यार्थी में पांच गुण जरूर होना चाहिए। एक छात्र को कौवे की तरह कभी हार न मानना और लक्ष्यों को पाने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। सारस की तरह अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त होकर काम करना चाहिए। श्वान की तरह जरूरत की नींद लें और सतर्क रहें। संतुलित आहार लें और अपने आराम को छोड़कर और कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर चुनौतियों का सामना करने की क्षमता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों को बताया कि वे भी बगिया के इसी स्कूल से पढ़े हैं। तब यहां प्राइमरी तक की कक्षाएं लगती थीं। छत खपरैल की थी और हम जमीन में बैठ कर पढ़ते थे। हफ्ते में एक दिन सभी बच्चे अपने अपने घरों से गोबर लाकर यहां की लिपाई करते थे। अब तो स्कूल पक्के बन गए हैं। यहां कुर्सी टेबल भी लग गए हैं। शिक्षक भी पर्याप्त हैं। आप सभी मन लगाकर पढ़ें। खूब मेहनत करें, अपने समय का सदुपयोग करें और ऊंचा मुकाम हासिल करें।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों से पूछा कि वे क्या बनना चाहते हैं। सातवीं की छात्रा पूर्णिमा ने बताया कि वह शिक्षिका बन कर दूसरों को पढ़ाना चाहती हूं। मुख्यमंत्री साय ने नन्ही बच्ची की सोच के लिए उसे शाबाशी दी और कहा शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। इसी तरह छात्र राजेंद्र राम ने कहा कि वे सेना में जाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री साय ने शुभकामनाएं देते हुए बच्चों से कहा कि सभी को बड़े होकर क्या बनेंगे यह सपना देखना चाहिए। सपने देखेंगे तभी आप उसे पूरा करने के लिए प्रयास करेंगे। शिक्षा आपके सभी सपनों को साकार करने का सबसे अच्छा माध्यम है।
मुख्यमंत्री साय बच्चों से बात करते हुए अपने स्कूली दिनों को याद किया और उससे जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि जब वे यहां पढ़ते थे उस दौरान बड़े लोगों में हल्ला था कि गले में सुई लगा रहे हैं। एक बार हमारे स्कूल के बाहर एक गाड़ी आकर रूकी तो हम सबको लगा सुई लगाने कोई आया है और हम सब स्कूल की खिड़की से कूद कर भाग गए। तब यहां ग्रिल नहीं लगा होता था और सिर्फ चौखट होती थी। मुख्यमंत्री साय ने कहा अपने सहपाठियों के साथ बिताए पल ताउम्र मीठी याद बनकर रह जाते हैं।
शादी के पहले जन्मकुंडली की तरह ही जेनेटिक कुंडली भी मिलाएं: जायसवाल
रायपुर। छत्तीसगढ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज IIT भिलाई में आयोजित "हेल्थ इनोवेशन केयर इन छत्तीसगढ़" के दूसरे राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस कॉन्फ्रेंस में IIT, IIM, AIIMS, NIT और मल्टी नेशनल कंपनी के पदाधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचल तक बेहतर मेडिकल सुविधा कैसे पहुंचे इस पर सकारात्मक चर्चा हुई। कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए सुझाव और तकनीक को लेकर चर्चा हुई जो आने वाले दिनों में राज्य के लिए काफी फायदेमंद साबित होंगे।
कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य एक ऐसा विषय है जो इंसान के साथ ताउम्र जुड़ा रहता है, लिहाजा एक बीमारी को ठीक करना हे स्वास्थ्य नहीं है बल्कि व्यक्ति बीमार ही न हो यह ज्यादा आवश्यक है। ऐसी स्थिति लाने की लिए युवा पीढ़ी को शादी से पहले जन्म कुंडली ही नहीं बल्कि जेनेटिक कुंडली भी मिला लेनी चाहिए ताकि सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारी पूरी तरह से खत्म हो जाए।
जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य के क्षेत्र में तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है और इसका लाभ भी दूरस्थ अंचल के लोगों को मिल रहा है। अंबिकापुर से उदयपुर तक ड्रोन चिकित्सा सेवा और रायपुर के मेकाहारा में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत नई तकनीक का ही उदाहरण है।
जायसवाल ने भारत की अग्रणी संस्थाओं से कहा कि वो स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए तकनीक की खोज करें जिसके लिए राज्य सरकार का हर संभव सहयोग रहेगा। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है जिसमें रायपुर और बिलासपुर में 700 बेड के अस्पताल तथा बस्तर और सरगुजा में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण की घोषणा शामिल हैं।
कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ धीरेंद्र तिवारी, IIT भिलाई के निदेशक प्रो.डॉ. राजीव प्रकाश , AIIMS रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल , NIT रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमन्ना राव सहित IIM रायपुर और स्टैनफोर्ड बायर्स सेंटर फॉर बायोडिजाइन के पदाधिकारी और IIT भिलाई के रिसर्च स्कॉलर्स उपस्थित थे।
नया रायपुर के पर्यावास भवन के चौथे मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान जांच में जुटी पुलिस
रायपुर। नया रायपुर स्थित पर्यावास भवन की चौथी मंजिल से कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक युवक पर्यावास भवन स्थित हाउसिंग बोर्ड के एकाउंट शाखा में पदस्थ था। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
राखी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक नरेश साहू (35) सुपेला भिलाई का मूल निवासी है। वह वर्तमान में पचपेड़ी नाका में अपने परिवार के साथ रहता था। 4 साल पहले युवक की शादी हुई थी। उसकी एक बच्ची भी है। आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुख्यमंत्री विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के विजन पर काम कर रहे : कहा ऐसे ही गढ़ेंगे विकसित छत्तीसगढ़ को
रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के ग्राम बगिया में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल हुए। यहां उन्होंने प्रवेशोत्सव पर आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, इसी बीच स्टाल पर रखे चाक देखकर वह अपने आपको नहीं रोक पाए और उन्होंने कुम्हार की तरह मिट्टी से दीया बनाया।
जिस तरह कुम्हार चाक में मिट्टी को आकार देता है, उसी तरह से जन-जन के सपनों के छत्तीसगढ़ को भी आकार मिलेगा।
डिजिटल सचिवालय के लिए राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
रायपुर | डिजिटल सचिवालय परियोजना के क्रियान्वयन हेतु आज राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को चिप्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
चिप्स द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग के मार्गदर्शन में एचआरएमएस सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है, जिसमें अवकाश के लिए आवेदन, अचल संपत्ति विवरण और गोपनीय प्रतिवेदन ऑनलाइन भरा जा सकेगा। राजभवन में भी डिजिटल एचआरएमएस सॉफ्टवेयर के संचालन हेतु आवश्यक तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित चिप्स के प्रशिक्षणकर्ताओं ने सभी शंकाओं का उचित समाधान किया।
प्रशिक्षण में उप सचिव हिना अनिमेष नेताम, अवर सचिव अर्चना पाण्डेय, नियंत्रक संजय विश्वकर्मा सहित राजभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रदेश में चल रही रेल परियोजनाओं पर की चर्चा : डिप्टी सीएम साव और शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात
रायपुर | प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की | इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रही रेल परियोजनाओं पर चर्चा की | वहीं उपमुख्यमंत्री साव और शर्मा ने रेल मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया और राजकीय गमछा पहनाया |
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने एक्स पोस्ट पर शेयर की है | अश्विनी वैष्णव ने पोस्ट शेयर कर लिखा, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा से मुलाकात की और प्रदेश में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई |
मुख्यमंत्री साय ने आरक्षक बरेठ के किडनी प्रत्यारोपण के लंबित देयक के भुगतान के संबंध में उचित कार्यवाही के दिए निर्देश
रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आरक्षक भरत लाल बरेठ के किडनी प्रत्यारोपण के लंबित देयक के भुगतान के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही किए जाने के निर्देश चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। आरक्षक बरेठ ने जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर बताया कि वह किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। उसके इलाज के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से 3.05 लाख रूपए व्यय का भुगतान आपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर को किया गया। किडनी प्रत्यारोपण के बाद एंटीबॉडी मेडिकेडेट रिएक्शन होने से दवाईयों एवं प्रत्यारोपित किडनी की बायोस्पी की गई जिसके कारण इलाज का कुल 7.59 लाख रूपए का खर्च आया है। आरक्षक भरत लाल बरेठ ने अपनी शारीरिक एवं आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से किडनी प्रत्यारोपण एवं इलाज पर व्यय शेष राशि 4.55 लाख रूपए का भुगतान शासन की ओर से किए जाने का आग्रह किया। संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आरक्षक श्री बरेठ के चिकित्सा देयक की शेष राशि के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
स्तन, गर्भाशय कैंसर के खतरे को कम करने हरी सब्जी, दाल, ताजा फल सहायकः डा. विजय
रायपुर। सुहिणी सोच संस्था द्वारा वृंदावन हॉल, सिविल लाइन रायपुर में महिलाओं के लिए"सखी स्वास्थ्य एवं सावन तंबोला" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र से की गई। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान हुआ। कार्यक्रम में ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी एवंअंताक्षरी पर सभी महिलाओं ने भाग लिया और खूब आनंद लिया।
संस्था की संस्थापिका मनीषा तारवानी एवं अध्यक्ष दीक्षा बुधवानी ने बताया कि इस कार्यक्रम के ट्रेनर मातृत्व प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय डेंबरा ने बालिकाओं और महिलाओं के किशोरावस्था से लेकर प्रौढ़ावस्था में आने वाली शारीरिक और मानसिक समस्याओं जैसे मासिक धर्म, मेनोपॉज ,हार्मोनल असंतुलन के लक्षण बताए। साथ ही मासिक धर्म के समय होने वाले दर्द को कम करने की लिए अधिक पानी पीने, गर्म पानी की सिकाई करने एवं मेडिटेशन की सलाह दी। साथ ही नमक, शक्कर, तेल कम उपयोग कर, संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा हर महिला को अपनी मासिक धर्म की जानकारी के लिए एक डायरी रखना अति आवश्यक है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका पता लगाया जा सके।
स्तन कैंसर, गर्भाशय कैंसर आदि की जानकारी देते हुए बताया कि कैंसर के खतरे को कम करने के लिए हरी सब्जियां, दाले, ताजा फल, पौष्टिक भोजन लेना चाहिए, स्वस्थ वजन बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम करना अति आवश्यक है। साथ ही कैंसर के खतरे को कम करने के लिए एचपीवी वैक्सीन की जानकारी दी।
अतिथि डॉ.सौम्या रघुबीर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा, कि महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए ऐसे कार्यशालाओ के आयोजन अति महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षिका एवं प्रशिक्षित नेचिरोपैथिस्ट सुरुचि टावरी ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के द्वारा महिलाओं में होने वाली मासिक धर्म संबंधी समस्याओं का निवारण बताया। साथ ही योग से होने वाले अनगिनत फायदे बताए।
इस प्रोग्राम की डायरेक्टर माही बुलानी, जूही दरयानी एवं पल्लवी चिमनानी ने बताया कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य के साथ -साथ मनोरंजन के लिए सावन तंबोला एवं ढेरों आकर्षक उपहारों दिए गए। जिसमें डॉ. विजय डेंब्रा एवं सोनिया गंगवानी विजेता रहे। साथ ही अन्य सभी विजेताओं ने उपहार दिया गया। इस कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक सीए चेतन तारवानी भी उपस्थित हुएष साथ ही संस्था के सभी सदस्यों सहित अन्य महिलाएं व किशोरी बालिकाओं ने उपस्थित होकर इसका लाभ लिया। कार्यक्रम की समाप्ति सुहिणी सोच संस्था की सचिव पूनम बजाज द्वारा की गई।
राजधानी में सिंगल यूज प्लास्टिक का धड़ल्ले से हो रहा उपयोग.. आज से सख्त कार्रवाई शुरू
रायपुर। शासन ने पूरे प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, बावजूद इसके राजधानी रायपुर में इसकी धड़ल्ले से खपत हो रही है। इसे लेकर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह काफी सख्त नजर आए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से इस संबध में ठोस कदम उठाने की बात कहीं। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने आज यानी 5 जुलाई से पूरे निगम क्षेत्र में सख्त अभियान शुरू करने का आदेश जारी किया है।
अभियान का जिम्मा स्वास्थ्य एवं सफाई अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही को दिया गया है । इनके साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी रहेंगे। सुश्री पाणिग्रही ने कहा कि निगम को प्रतिबंधित पॉलिथिन पर कार्रवाई का अधिकार नहीं है, इसके लिए प्रदूषण बोर्ड का साथ जरूरी है। इस अभियान में हम सब्जी बाजारों से लेकर शॉपिंग सेंटर, गोलबाजार और कॉम्प्लेक्स के अलावा रोड में ठेले पर कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करेंगे. उन्होंने बताया कि जिस माईक्रॉन के कैरीबैग की अनुमति है, उसकी मोटाई आदि मापने के लिए यंत्र लेकर कार्रवाई करने वाला दल जाएगा।
सरकार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
रायपुर | महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं को लेकर सरकार के मुख्य उद्देश्य और रेडी टू ईट समेत अन्य जानकारी साझा की है | उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रमुख उद्देश्य ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है और इसके लिए विभाग द्वारा अनेक योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है | उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा रेडी टू ईट सप्लाई का काम महिलाओं को वापस सौंपा जा रहा है ताकि उन्हें रोजगार और आर्थिक स्थिरता मिल सके |
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि रेडी टू ईट की सप्लाई में किसी भी प्रकार की कोई रुकावट नहीं हैं | उन्होंने बताया कि राज्य में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और सप्लाई चैन सुचारू रूप से चल रही हैं |
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के द्वारा महिलाओं का हक छीन कर उनका यह काम एनजीओ को दिया गया था, लेकिन हमारी सरकार के आने के बाद फिर से महिलाओं को इस काम में लगाया जा रहा है. हम महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें रोजगार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं |
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने यह भी स्पष्ट किया कि बीज निगम के 162 करोड़ रुपये के पेमेंट को लेकर कोई भी अवरोध नहीं है और इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा |
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू : मुख्य सचिव ने अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली
रायपुर | प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर वर्ष की भाति इस वर्ष गरिमापूर्वक मनाया जाएगा। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में यहां मंत्रालय महानदी भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन संबंध में अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तमाम तैयारियों के संबंध में व्यापक विचार-विमर्श किया गया। राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर शानदार परेड का आयोजन होगा। जिसमें पुलिस, सशस्त्र बल और एनसीसी, छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। उप महानिरीक्षक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल द्वारा परेड के आयोजन की सम्पूर्ण व्यवस्था की जाएगी। स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग इसका समन्वय करेगा। कार्यक्रम के दौरान यातायात पार्किंग ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था पुलिस विभाग द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई इत्यादि की सम्पूर्ण व्यवस्था नगर निगम रायपुर द्वारा की जाएगी। जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा कलेक्टरों को आवश्यक मार्गदर्शी निर्देश जारी किए जाएंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग रेणुजी पिल्ले, अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व सुब्रत साहू, पुलिस विभाग के प्रमुख अधिकारी, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग पी.अन्बलगन, सचिव कृषि शहला निगार, परिवहन विभाग के सचिव एस.प्रकाश, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव अंकित आनंद, सचिव कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा एस.भारतीदासन, सचिव खेल एवं युवा कल्याण हिमशिखर गुप्ता सहित स्कूल शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनसम्पर्क, गृह, आदिम जाति विकास तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, स्वास्थ्य, संस्कृति सहित अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय आज जाएंगे बगिया.... राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में होंगे शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जुलाई को जशपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे और बगिया में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी करेंगे।