मिशन शक्ति 5.0: अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह में बेटियों को सशक्त बनाने का संकल्प
2025-10-04 09:12 AM
50
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.0 के तहत 3 से 11 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। यह सप्ताह बेटियों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का एक अनूठा अवसर है, जो 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के साथ समापन होगा। इस दौरान प्रदेश भर में विविध कार्यक्रमों के जरिए बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मिशन शक्ति 5.0 ने पहले ही 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 13 लाख से अधिक लोगों को जोड़कर नारी शक्ति को नया बल प्रदान किया है।
सप्ताह की शुरुआत 3 अक्टूबर को ‘ड्राइविंग माय ड्रीम्स’ कार्यक्रम के साथ होगी, जिसमें हर जिले में कम से कम 100 बालिकाओं और महिलाओं को एक महीने का ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए नए अवसर खोलने का लक्ष्य रखती है। 4 अक्टूबर को ‘पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस’ सत्रों में बेटियों को आत्मरक्षा के गुर और आपात स्थिति में सुरक्षा के उपाय सिखाए जाएंगे। वहीं, 6 अक्टूबर को बाल देखरेख संस्थानों में सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप आयोजित होगी, जो व्यावहारिक कौशल से बेटियों को सशक्त बनाएगी।
7 अक्टूबर को ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ पहल के तहत चयनित बालिकाएं प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझेंगी और नेतृत्व कौशल विकसित करेंगी। यह अनुभव उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करेगा। 8 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर ‘कन्या जन्मोत्सव’ में सरकारी अस्पतालों में जन्मी नवजात बेटियों और उनकी माताओं का सम्मान होगा। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण भी किया जाएगा। 9 अक्टूबर को ‘बाल विवाह को न’ कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने में सफल बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी। 10 अक्टूबर को ‘व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद’ में किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता और सैनिटरी पैड के उपयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सप्ताह का समापन 11 अक्टूबर को ‘शक्ति संवाद’ के साथ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी योजनाओं की लाभार्थी बालिकाएं और महिलाएं जिलाधिकारियों व अधिकारियों के साथ अपनी चुनौतियां साझा करेंगी। इस मंच पर उनकी समस्याओं का समाधान और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जोहरी ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत कन्या पूजन, नुक्कड़ नाटक और साइक्लोथॉन जैसे आयोजनों ने बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया है। अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह बेटियों को उनके अधिकारों और अवसरों से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। उनका कहना है, “हमारा लक्ष्य हर बेटी को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बेटियां और महिलाएं न केवल योजनाओं की जानकारी तक सीमित रहें, बल्कि उनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में योगदान दें।”
यह सप्ताह न केवल बेटियों को प्रेरित करेगा, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक बदलाव की नींव भी रखेगा। मिशन शक्ति 5.0 के जरिए उत्तर प्रदेश बेटियों के सपनों को पंख देने के लिए प्रतिबद्ध है।