‘पीपल फार द पीपल’ का हिस्सा बनें महाराष्ट्र मंडलः ओपी चौधरी
0- महाराष्ट्र मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने वित्त मंत्री से की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के प्रतिनिधियों से अनौपचारिक चर्चा के दौरान वित्त, वाणिज्य कर, आवास और पर्यावरण, योजना व आर्थिक व सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि इस मानसून में वे समूचे प्रदेश में पीपल फार द 'पीपल’ अभियान शुरू करने जा रहे हैं। 350 साल से अधिक आयु वाले पीपल से सर्वाधिक आक्सीजन मिलता है, और प्रदूषण घटता है। यही कारण है कि वे नया रायपुर में बड़े पैमाने पर पीपल पौधों का रोपण करवाने जा रहे हैं। वह चाहते हैं कि नया रायपुर में लोग जिधर भी नजर डाले, उन्हें कम से कम पीपल के वृक्ष दिखने ही चाहिए।
चौधरी ने कहा कि जब भी पौधारोपण के लिए महाराष्ट्र मंडल को पौधों की जरूरत होगी, खासकर पीपल की, तो वे समूची व्यवस्था तत्काल और निःशुल्क करेंगे। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि हमारी पर्यावरण समिति प्रतिवर्ष शहर के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण तो करती ही है, साथ ही उनके संरक्षण एवं पौधों से वृक्ष बनने की प्रक्रिया में सतत नजर भी रखती है। काले ने आश्वस्त किया कि पीपल फार द 'पीपल’ अभियान में महाराष्ट्र मंडल भी अहम भूमिका निभाएगा और इस बार बड़े पैमाने पर पीपल के पौधों का रोपण करेगा।
चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल की गतिविधियों के बारे में वे लगातार समाचार पत्रों में पढ़ते रहते हैं और सुनते हैं। अजय काले से भी उन्हें संस्था की गतिविधियों की अपडेटेड जानकारी मिलती रहती है। वे जल्द ही महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन का विजिट करेंगे और पदाधिकारियों औऱ सभासदों से मुलाकात करेंगे। इस मौके पर महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक प्रा. अनिल श्रीराम कालेले, उपाध्यक्ष गीता दलाल, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन और सह सचिव सुकृत गनौदवाले ने सूत माला और शाल-श्रीफल से ओपी चौधरी का अभिनंदन किया।
चौधरी से मुलाकात के दौरान दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, शंकर नगर बाल वाचनालय प्रभारी रेणुका पुराणिक, वरिष्ठजन सेवा समिति प्रभारी दीपक पात्रीकर, संपर्क समिति प्रभारी प्रशांत देशपांडे, मराठी साहित्य समिति के सह प्रभारी रवि दानसिंह गहलोत, शुभम् पुराणिक, तनिष्क डोनगांवकर सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।





